शैक्षणिक क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहने वाली संस्था श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति ब्यावर एवं दैनिक भास्कर मीडिया पार्टनर द्वारा 23 मई, 2026 शनिवार को वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के वातानुकूलित सभागार में ब्यावर जिले की 12वीं बोर्ड एवं 10वी बोर्ड में इस साल 70 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली लगभग 500 प्रतिभावान एवं मेधावी छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं के चेहरों पर आत्मविश्वास और अभिभावकों में गर्व का भाव स्पष्ट दिखाई दिया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रहालाल जाट, उपखण्ड अधिकारी दिव्यांश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ अनुकृति उज्जैनिया, तहसीलदार ब्यावर हनुत सिंह रावत, आयुक्त नगर परिषद श्रवण राम चौधरी एवं पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना, दैनिक भास्कर अजमेर संस्करण के यूनिट हेड शिवराज शर्मा, न्यूज एडिटर सेटेलाइट हेड दीपेश मेहता, ब्यावर ब्यूरो प्रभारी राजेश शर्मा का स्वागत वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ नरेन्द्र पारख, सहमंत्री सुनील कुमार ओस्तवाल, कोषाध्यक्ष देवराज लोढ़ा एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर.सी. लोढ़ा ने माल्यार्पण, उपरना एवं स्मृति चिन्ह भेट कर किया ।
इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन में मंत्री डॉ नरेंद्र पारख ने बताया कि समारोह का उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना तथा समाज में बालिका शिक्षा के महत्व को और अधिक सुदृढ़ करना है।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
उपखण्ड अधिकारी दिव्यांश सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बेटियों को सशक्त, स्वावलंबी और सामाजिक रूप से जागरूक बनाती है। शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बेटियाँ ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ अनुकृति उज्जैनिया ने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर सी लोढ़ा ने समस्त आगंतुक अतिथियों, प्रतिभावान छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
बेटी प्रतिभा सम्मान को लेकर ब्यावर शहर तथा निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभावान छात्राओं ने भारी उत्साह नजर आया इस अवसर पर आगंतुक छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय परिसर का अवलोकन किया। ग्रामीण क्षेत्र से आई छात्राएं वर्द्धमान महाविद्यालय को देखकर आश्चर्य चकित रह गई कि यहां महानगरों जैसी आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर में वातानुकूलित क्लास रूम, हाईटेक लाइब्रेरी, नई तकनीकी सुविधाओं वाली कम्प्यूटर, म्यूजिक, योगा, होम साइंस लेब, साइंस लेब, के साथ-साथ फैशन डिजाइन एवं मेकअप आर्टिस्ट कोर्सेज, बहुमंजिला बिल्डिंग में आने जाने हेतु लिफ्ट की सुविधा, हरियाली से आच्छादित परिसर है ऐसे वातावरण में यहां पढ़ाई करने वाली छात्राएं निश्चित तौर पर उन्हें पढ़ाई के लिए एक अच्छा माहौल मिल सकेगा अनेक छात्राओं एवं अभिभावकों ने कॉलेज में एडमिशन के लिए रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के प्रबंधकारिणी सदस्य रमेशचंद मेड़तवाल, बी.एल. गोठी स्कूल प्राचार्य धर्मेन्द्र शर्मा, वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल प्राचार्य अरविंद नाहर, वर्द्धमान ग्रुप की समस्त शिक्षण इकाइयों के संकाय सदस्य, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रही ।