विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा रोकथाम दिवस पर महा श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश

     अजमेर, 17 जून। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा रोकथाम दिवस के अवसर पर बुधवार को अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग, संभाग अजमेर कार्यालय परिसर में महा श्रमदान, साफ-सफाई एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

     कार्यक्रम के तहत कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया तथा वृक्षारोपण के लिए अग्रिम मृदा कार्य संपादित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, भूमि क्षरण की रोकथाम तथा मरुस्थलीकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

     इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री रामनिवास मारुका एवं अधीक्षण अभियंता श्री दिलीप जादवानी के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के समस्त वाटरशेड अधिकारियों एवं कार्मिकों ने श्रमदान कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

     अधिकारियों ने कहा कि भूमि एवं जल संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से मरुस्थलीकरण की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। विभाग द्वारा इस दिशा में विभिन्न योजनाओं एवं जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सतत प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग का संदेश भी दिया गया।

error: Content is protected !!