नगर निगम अजमेर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध-आयुक्त

वार्डों में तैनात किए गए हैं नगर निगम के स्थाई कर्मचारी

इससे सफाई व्यवस्था हो रही है सुदृढ़

     अजमेर, 5 जुलाई। नगर निगम क्षेत्र में सुदृढ़ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के स्थाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

     नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्य के ने बताया कि नगर निगम अजमेर द्वारा शहर के सभी 80 वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुचारू, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। निगम की समस्त सफाई टीमें प्रतिदिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। इससे शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

     इसी क्रम में निगम प्रशासन द्वारा नगर निगम क्षेत्राधिकार के समस्त वार्डों में स्थायी कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल की गई है। इस निर्णय के परिणामस्वरूप वर्तमान में सभी वार्डों में नियमित एवं व्यापक साफ़-सफ़ाई सुनिश्चित हो रही है, जिससे पूरे शहर में स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित वातावरण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है।

     नगर निगम प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगरवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सक्रिय एवं उत्तरदायी भूमिका आवश्यक है।

     नगर निगम प्रशासन ने कहा कि यदि कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी अपने कर्तव्यों की उपेक्षा करता हुआ या अनुशासनहीनता अथवा अन्य अवांछित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक विभागीय एवं अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

     नगर निगम आयुक्त ने यह भी अवगत कराया कि पूर्व में कार्य में लापरवाही के कुछ मामलों में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है। इस संबंध में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ करते हुए स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बेहतर नगर निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

     नगर निगम अजमेर शहर के समस्त नागरिकों को विश्वास दिलाता है कि उनकी सुविधा एवं बेहतर स्वच्छता व्यवस्था हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निगम प्रशासन जनसेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित है तथा शहर की साफ़ सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

      नगर निगम अजमेर नागरिकों से भी अपील करता है कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग दें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएँ तथा स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या की सूचना निगम को उपलब्ध कराएँ, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

     जनसहयोग और निगम की सतत प्रतिबद्धता से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ अजमेर का निर्माण संभव है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!