बारिश से पहले एक्शन, तैनात रहेंगे 150 हॉर्स पावर के तीन पम्प

देवनानी के निर्देश पर नगर निगम ने खरीदे 80 लाख रुपये लागत के तीन डिवाटरिंग पम्प सेट

दो और पम्प की भी खरीद होगी, 24 घंटे सागर विहार पाल पर तैनात रहेंगे

     अजमेर, 19 जुलाई। बारिश के दिनों में शहर को जलभराव से बचाने के लिए एक्शन शुरू कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के निर्देश पर नगर निगम ने 50-50 हॉर्स पावर क्षमता के तीन बड़े डीवाटरिंग पम्प खरीदे है। रविवार को सागर विहार कॉलोनी में इनका लोकार्पण किया गया। शहर के प्रभावित क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान यह पम्प लगातार काम कर आमजन को जलभराव से बचाएंगे।

     विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी सागर विहार कॉलोनी में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से स्थापित तीन डिवाटरिंग पम्प सेटों का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि प्रत्येक डिवाटरिंग पम्प सेट 50-50 हॉर्स पावर क्षमता का है तथा ये पम्प प्रति घंटे लगभग 4 लाख लीटर पानी निकासी करने में सक्षम हैं। एक डिवाटरिंग पम्प सेट में 12.50 हॉर्स पावर के चार-चार पम्प जनसेट के साथ स्थापित किए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित की जा सकेगी।

     उन्होंने कहा कि इन आधुनिक पम्प सेटों के संचालन से सागर विहार, वन विहार एवं गुलमोहर कॉलोनी जैसे जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में बरसात के दौरान पानी भरने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। यह व्यवस्था क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक राहत प्रदान करने वाला स्थायी समाधान सिद्ध होगी।

     श्री देवनानी ने कहा कि गुलमोहर कॉलोनी एवं पत्रिका कार्यालय के समीप से गुजरने वाले दोनों नालों को भी पक्का कराया गया है, जिससे तेज बारिश के दौरान पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहेगा और जलभराव की संभावना कम होगी। उन्होंने कहा कि सागर विहार क्षेत्र में समस्या के पूर्ण समाधान के लिए शीघ्र ही दो स्थायी डिवाटरिंग पम्प सेट भी स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए बालिका सैनिक स्कूल बनेगा। अजमेर शहर के कायाकल्प और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अजमेर के मुख्य एंट्रेंस पर विशेष आकर्षक लाइटिंग के साथ एन्ट्री प्लाजा गेट बन रहा है। अंबेडकर सर्किल तक 8 करोड़ रुपये की लागत से फव्वारे तथा घुमटियां लगाकर सौंदर्यकरण का कार्य किया जाएगा। वरुण सागर झील का 250 करोड़ रुपये की राशि से इसका पुनरुद्धार व सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौरसियावास तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में नवाचार वृद्धि के लिए पंचशील में साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। साइंस पार्क में दिन में भी तारे देखने की प्लेनेटोरियम व्यवस्था होगी। अजयसर में बनने वाले लेपर्ड सफारी को भी जल्द शुरू किया जाएगा। युवाओं के रोजगार के लिए आईटी पार्क भी विकसित किया जा रहा है। इसमें 3 बड़ी कंपनियों को प्लॉट अलॉट किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि वर्षा के दौरान इस क्षेत्र में लम्बे समय से जलभराव रहता आया है, अब इसका स्थाई समाधान होगा। क्षेत्र की ड्रेनेज समस्या का भी समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर श्री राजकुमार लालवानी, श्री विक्रम सिंह, श्री जगदीश प्रसाद साहू, श्री सत्यनारायण, श्री मिलाप रांका, श्री नारायण, श्री गजेन्द्र शर्मा, नगर निगम की अधिशाषी अभियंता श्री लक्ष्मीनारायण शर्मा स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष कल देंगे शहर को बालिका सैनिक स्कूल की सौगात

अजमेर, 19 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी सोमवार, 20 जुलाई को प्रातः 9.30 बजे ग्राम हाथीखेड़ा में आयोजित प्रस्तावित बालिका सैनिक स्कूल के शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे। श्री देवनानी द्वारा बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं अनुशासित सैन्य शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल होगी। बालिका सैनिक स्कूल की स्थापना से छात्राओं को सैन्य शिक्षा के साथ नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।

इसके पश्चात सायं 4.30 बजे श्री देवनानी मदार रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां वे राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत रामेश्वरम के लिए संचालित तीर्थयात्रा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!