नशा मुक्त अजमेर, स्वस्थ युवा–सशक्त भारत के लिए खेलों को अपनाना होगा- श्री राजीव दत्ता

अजमेर, 2 अगस्त। राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) राजीव दत्ता ने रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में “नशा मुक्त अजमेर–स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं से “Kick the Drugs Pick the Sports” (खेल चुनें, नशा नहीं) का संदेश अपनाने का आह्वान किया।l उन्होंने कहा कि खेल ही युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्र निर्माण के लिए सक्षम बनाते हैं।

श्री राजीव दत्ता ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम खेल, अनुशासित दिनचर्या और सकारात्मक जीवनशैली है। यदि युवा खेल मैदानों की ओर अग्रसर होंगे तो वे नशे जैसी बुराइयों से स्वतः दूर रहेंगे तथा देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि राजस्थान कुश्ती संघ प्रदेश में कुश्ती सहित विभिन्न खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं में खेल संस्कृति विकसित करने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने समाज, खेल संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं अभिभावकों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से “नशा मुक्त अजमेर–स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” का संकल्प अवश्य साकार होगा।

इस अवसर पर ओएसडी, लोकसभा अध्यक्ष राजीव दत्ता ने बताया कि अजमेर, पुष्कर एवं किशनगढ़ के विद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला तथा विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को रचनात्मक रूप से इस अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह किया, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी, प्रत्येक परिवार तथा प्रत्येक मोहल्ले, शहर और गांव तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचे।

उन्होंने कहा कि अभियान का संकल्प है—नशे को जीवन से दूर रखना, खेल, शिक्षा और संस्कार को अपनाना तथा प्रत्येक विद्यालय और प्रत्येक परिवार तक जनजागरूकता पहुंचाकर अजमेर को नशा मुक्त बनाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करना।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” के माध्यम से देशभर में जनजागरूकता, परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं राजस्थान सरकार भी पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक न्याय विभागों के माध्यम से जनजागृति कार्यक्रम संचालित कर रही है तथा अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने बताया कि राजस्थान राज्य कुश्ती संघ द्वारा संचालित अभियान के अंतर्गत अजमेर एवं पुष्कर में निम्नानुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—

अजमेर

* 4 अगस्त – पुलिस लाइन स्कूल
* 5 अगस्त – जवाहर स्कूल
* 6 अगस्त – सावित्री जीएसएस
* 7 अगस्त – सेंट्रल गर्ल्स स्कूल
* 8 अगस्त – स्टेशन रोड स्कूल
* 10 अगस्त – एफसीएस, वैशाली नगर

पुष्कर

* 4 अगस्त – पुष्कर बॉयज़ स्कूल
* 5 अगस्त – पुष्कर गर्ल्स स्कूल
* 6 अगस्त – पीएम श्री एफसीएस
* 7 अगस्त – जीएसएस, गणहेड़ा
* 8 अगस्त – एमजी जीएसएस, बांगड़

पत्रकार वार्ता में सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भाटी, नेम सिंह एवं खान मोहम्मद, मोनू बराड़,दिनेश मुरझानी, स्वरूप माहेश्वरी, जोधपुर कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष अजय ठाकुर, अनिल तेजवानी, सतवीर, श्रीराम जाट, प्रभात गुर्जर सहित खेल, सामाजिक एवं विभिन्न संगठनों के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अभियान का मुख्य संदेश

“नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो।
खेल अपनाओ, भविष्य संवारो।”

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!