नन्हे कदमों की नई शुरुआत: वर्द्धमान रूट्स स्कूल में नर्सरी ओरिएंटेशन, अभिभावकों संग भविष्य की मजबूत नींव

ब्यावर: वर्द्धमान रूट्स स्कूल में नर्सरी कक्षा के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों का आत्मीय एवं गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय परिसर, शिक्षण पद्धति तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
विद्यालय की प्राचार्या श्वेता नाहर ने कहा कि बच्चे के विकास में विद्यालय और अभिभावकों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। जब दोनों मिलकर बच्चों का मार्गदर्शन करते हैं, तो वे पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी जैसे गुण भी सीखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या ने अभिभावकों से बातचीत के दौरान उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, दिनचर्या तथा भावनात्मक विकास से जुड़े कई उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने, उनकी बात ध्यान से सुनने और उन्हें हमेशा प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। विद्यालय और अभिभावकों का एकमात्र लक्ष्य बच्चों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। जब दोनों पक्ष समान समर्पण, सहयोग एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते हैं, तभी बच्चे शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, नैतिकता और उत्कृष्ट व्यक्तित्व का विकास कर समाज एवं राष्ट्र के आदर्श नागरिक बनते हैं।
अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने विचार एवं सवाल साझा किए। उन्होंने बताया कि इस ओरिएंटेशन से उन्हें विद्यालय की शिक्षण पद्धति, गतिविधियों और बच्चों के विकास को लेकर बेहतर जानकारी मिली। सभी अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यालय और परिवार के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और अभिभावकों के मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर अध्यापिका आकांशा, पूर्वी सहित अन्य स्टाफ सदस्य व अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!