ब्यावर: श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को प्रकृति संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से औषधीय पौधारोपण कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आया, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का भी सशक्त माध्यम बना।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अश्वगंधा, नीम, गिलोय, जामुन, पत्थरचट्टा, तुलसी, गुड़हल, एलोवेरा एवं अशोक जैसे बहुमूल्य औषधीय एवं पर्यावरण-हितैषी पौधे रोपित किए गए, जिससे परिसर हरियाली और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर प्राचार्य धर्मेन्द्र शर्मा ने अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। औषधीय पौधे हमें न केवल स्वास्थ्य लाभ प्रदान करते हैं, बल्कि हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की सीख भी देते हैं। आज के विद्यार्थी ही कल के पर्यावरण संरक्षक हैं, और ऐसे प्रयास उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापक, उप-प्रधानाचार्य तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिसमें सुनीता चौधरी, समीर, रेणु कोठारी, पिंकी मुरारका , निशा पाराशर, सुखजीत कौर, अदिति बंसल, रेखा माथुर सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने मिलकर पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।