_*शारीरिक शिक्षा, कोच- (कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबाल तथा हैंड बॉल): ऑनलाइन विस्तृत आवेदन के संबंध में दिशा निर्देश जारी_*
अजमेर, 20 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अन्तर्गत शारीरिक शिक्षा, कोच- (कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबाल तथा हैंड बॉल) के पदों हेतु दिनांक 13 एवं 14 अगस्त 2026 को जारी न्यूनतम उत्तीर्णांक प्राप्त अभ्यर्थियों की विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन विस्तृत आवेदन के संबंध में दिशा निर्देश जारी किया गए हैं। विस्तृत सूचना आयोग वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उक्त 5 विषयों की विचारित सूचियों में सम्मिलित अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने एवं खेल प्रमाण पत्रों को अपलोड करने का लिंक 25 अगस्त 2026 (रात्रि 11.59) तक खुला रहेगा।
*माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच*_
इन सूचियों में सम्मिलित किए गए सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना खेल प्रमाण पत्र अपलोड कर विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग (माध्यमिक शिक्षा विभाग) द्वारा ही की जायेगी।
अतः ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने व सबमिट करने के उपरांत प्रिंट ऑप्शन पर जाकर सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र को 02 प्रतियों में प्रिंट कर अपने पास संभाल कर रखें तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग की सूचना के अनुसार निर्धारित दिनांक, समय व स्थान पर विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त मूल दस्तावेजों, खेल प्रमाण पत्रों व स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होवें। इस हेतु संबंधित विभाग द्वारा ही उचित माध्यम से अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन हेतु सूचित कराने की कार्यवाही संपादित की जायेगी एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा अलग से कोई सूचना अभ्यर्थियों को प्रेषित नहीं की जायेगी। विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थी को अपात्र मानते हुए परिणाम में विचारित नहीं किया जायेगा। संबंधित विभाग से दस्तावेज जांच/सत्यापन उपरांत, पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके उपरांत आयोग द्वारा परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति हेतु संबंधित विभाग को अभिस्तावित किए जायेंगे।