*प्राध्यापक एवं कोच ( स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025*

_*विस्तृत आवेदन पत्र के संबंध में दिशा-निर्देश*_

अजमेर, 9 सितंबर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग हेतु प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा -2025 के अंतर्गत प्राध्यापक – गणित, उर्दू एवं राजस्थानी हेतु जारी विचारित सूचियों में सम्मिलित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन विस्तृत आवेदन पत्र के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।

उक्त विषयों हेतु विचारित सूची 3 सितंबर 2026 को जारी की गई थी एवं ऑनलाइन विस्तृत आवेदन सबमिट करने की अवधि 10 से 16 सितंबर 2026 तक (रात्रि 11:59 बजे तक) है।

आयोग सचिव ने बताया कि विचारित सूचियों में अस्थाई रूप से सम्मिलित किए गए सभी अभ्यर्थियों को अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना होगा। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग (माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर) द्वारा ही की जायेगी।

अतः ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने व सबमिट करने के उपरांत प्रिंट ऑप्शन पर जाकर सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र को 02 प्रतियों में प्रिंट कर अपने पास संभाल कर रखें तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग की सूचना के अनुसार निर्धारित दिनांक, समय व स्थान पर विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त मूल दस्तावेजों व स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होवें। इस हेतु संबंधित विभाग द्वारा ही उचित माध्यम से अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन हेतु सूचित कराने की कार्यवाही संपादित की जायेगी एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा अलग से कोई सूचना अभ्यर्थियों को प्रेषित नहीं की जायेगी। विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थी को अपात्र मानते हुए परिणाम में विचारित नहीं किया जायेगा। संबंधित विभाग से दस्तावेज जांच/सत्यापन उपरांत, पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके उपरांत आयोग द्वारा परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति हेतु संबंधित विभाग को अभिस्तावित किए जायेंगे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!