_*आरपीएससी: एसआई/प्लाटून कमाण्डर पुनः परीक्षा-2021 सफलतापूर्ण संपन्न, पहली पारी में 69.58% और दूसरी में 69.03 % रही उपस्थिति*_

अजमेर, 20 सितंबर।राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार, 20 सितंबर 2026 को उप निरीक्षक (एसआई) और प्लाटून कमाण्डर प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 का  सफल आयोजन किया गया। इस  परीक्षा के लिए कुल 2,18,114 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
_*कंट्रोल रूम से रखी गई नजर*_
परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आयोग के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह और सचिव श्री आशुतोष गुप्ता ने पूरे समय आयोग मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से परीक्षा की सीधी मॉनिटरिंग की। इस दौरान वे सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस महकमे के साथ निरंतर समन्वय बनाए रहे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
_*दो पारियों में हुई परीक्षा*_
आयोग द्वारा यह परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें ‘सामान्य हिन्दी’ का प्रश्न पत्र हुआ। वहीं, दूसरी पारी दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक ‘सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान’ विषय के लिए आयोजित की गई।
प्रातःकालीन पारी (सामान्य हिन्दी) में 69.58 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि दोपहर की पारी (सामान्य ज्ञान एवं विज्ञान) में उपस्थिति का आंकड़ा 69.03 प्रतिशत रहा।
_*11 जिलों में बनाए गए थे 666 परीक्षा केंद्र*_
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। इनमें राजधानी जयपुर के अलावा अजमेर, अलवर, भरतपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, टोंक और उदयपुर जिले शामिल थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच के कड़े इंतजाम किए गए थे।
_*आयोग अध्यक्ष ने जताया आभार*_
परीक्षा के सफल आयोजन पश्चात, आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने परीक्षा के समयबद्ध आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए निर्वाचन आयुक्त का विशेष आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही, उन्होंने सभी 11 जिलों के जिला कलक्टरों और परीक्षा कार्य में लगे तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिकों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!