संविधान दिवस पर डॉ. राजकुमार जयपाल ने दी शुभकामनाएं

अजमेर। संविधान दिवस के अवसर पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने समस्त देशवासियों एवं अजमेरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ. जयपाल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था। यह दिन हमारे लोकतांत्रिक इतिहास का गौरवशाली दिन है। भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय का भरोसा दिया है। संविधान ने गरीब, मजदूर, किसान, युवा, महिला और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है।

डॉ. जयपाल ने कहा कि आज संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए और सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। संविधान किसी एक दल या सरकार की संपत्ति नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की धरोहर है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी से लेकर संविधान निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तक ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। कांग्रेस संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बन गया है। भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली के चलते लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, आम नागरिकों के अधिकारों और संवैधानिक मर्यादाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सत्ता के अहंकार में संविधान की आवाज को दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगा। हम संविधान को झुकने नहीं देंगे, लोकतंत्र को मिटने नहीं देंगे और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा देशवासियों को दिए गए संवैधानिक अधिकारों पर किसी को भी हमला नहीं करने देंगे। संविधान हमारी पहचान है, हमारा स्वाभिमान है और भारत की आत्मा है। इसकी रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!