अजमेर के ऐतिहासिक रेल म्यूजियम पर बदहाली का ताला! बिजली-पानी गायब, टॉय ट्रेन बंद

बुलेट ट्रेन के सपने दिखाने वाली भाजपा सरकार अजमेर के रेल म्यूजियम को रोशनी और पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं करवा पा रही; रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल – डॉ. राजकुमार जयपाल एवं विवेक पाराशर
अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल एवं उपाध्यक्ष विवेक पाराशर ने अजमेर के ऐतिहासिक रेल म्यूजियम की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए रेलवे प्रशासन और केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में अजमेर की ऐतिहासिक रेल विरासत को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया रेल म्यूजियम आज प्रशासनिक लापरवाही और कुप्रबंधन के चलते अपनी पहचान खोता जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि यह महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले कई महीनों से म्यूजियम में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं होने के कारण इनडोर हेरिटेज गैलरी और मॉडल रूम में अंधेरा पसरा रहता है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले पर्यटक, शोधकर्ता और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी अजमेर की ऐतिहासिक रेल विरासत को ठीक से देख तक नहीं पा रहे हैं। बच्चों के आकर्षण का केंद्र रही टॉय ट्रेन भी बंद पड़ी है। शौचालय और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था तक नहीं है।
सुविधाएं नदारद, फिर भी प्रवेश शुल्क की वसूली क्यों?
डॉ. जयपाल एवं विवेक पाराशर ने सवाल उठाया कि जब म्यूजियम में पर्यटकों को बिजली, पानी, शौचालय और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं, तो उनसे प्रवेश शुल्क किस बात का वसूला जा रहा है? बिना सुविधाओं के शुल्क वसूली पर्यटकों के साथ अन्याय है। इस अव्यवस्था के चलते पर्यटकों और कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि संबंधित ठेकेदार की कार्यशैली की जांच करवाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटकों से वसूले जा रहे शुल्क के अनुरूप उन्हें सुविधाएं भी मिलें।
बुलेट ट्रेन के दावे बड़े-बड़े, लेकिन अजमेर की रेल विरासत बदहाल
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार बुलेट ट्रेन और विश्वस्तरीय रेलवे सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर अजमेर जैसे ऐतिहासिक रेल केंद्र में एक म्यूजियम का संचालन भी व्यवस्थित नहीं कर पा रही है। सरकार के विकास के दावों की पोल अजमेर के रेल म्यूजियम की बदहाली खोल रही है। ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण केवल भाषणों और प्रचार से नहीं, बल्कि उनके रखरखाव और बेहतर सुविधाओं से होता है।
रेलवे प्रशासन तत्काल सुधारे व्यवस्थाएं, लापरवाह अधिकारियों की तय हो जवाबदेही
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि म्यूजियम में नियमित बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की उचित व्यवस्था और टॉय ट्रेन का संचालन तत्काल शुरू करवाया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर लापरवाही की जांच करवाई जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अजमेर की ऐतिहासिक विरासत को इस तरह उपेक्षित नहीं छोड़ा जा सकता।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि ऐतिहासिक रेल म्यूजियम की यह दुर्दशा रेलवे प्रशासन और भाजपा सरकार की लापरवाही का प्रमाण है। बिजली-पानी के बिना प्रवेश शुल्क वसूलना पर्यटकों के साथ अन्याय है। शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनआंदोलन करेगी।
जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!