अजमेर। बहुचर्चित एसपी रिश्वत मामले में शुक्रवार को एसीबी ने अदालत में चार्जशीट पेश कर दी। एसीबी द्वारा तीन खंडों में पेश की गई चार्जशीट में निलम्बित आईपीएस राजेश मीना के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में आरोप पेश किये गए हैं। वहीं दलाल रामदेव ठठेरा के खिलाफ भ्रष्टाचार और आईपीसी की धाराओं में चालान पेश किया गया। चालान पेश होने के बाद आरोपी राजेश मीना के वकील द्वारा जमानत याचिका पर अब सुनवाई के लिए 5 मार्च की तारीख नियत की गई है। एसपी रिश्वत मामले में पेश किये गए चालान में क्या कुछ लिखा गया है, इस बात का खुलासा होने में अभी कुछ समय लगने की संभावना है, क्योंकि चालान 5 हजार से अधिक पन्नो का है। लेकिन जो जानकारियां निकल कर सामने आई हैं उसके अनुसार एसीबी ने एसपी राजेश मीना को धमका कर वसूली सहित अन्य मामलों में आरोपी बनाया है। भ्रष्टाचार के मामले में राजेश मीना के खिलाफ चालान इसलिए पेश नहीं किया जा सका क्योंकि इसकी अनुमति केंद्र सरकार द्वारा अभी तक नहीं दी गई है। एसपी के दलाल रामदेव ठठेरा के खिलाफ पेश किये गए चालान में उस पर भ्रष्टाचार के साथ ही आईपीसी की कई धाराओं को शामिल किया गया है। एसीबी द्वारा पेश किये गए चालान में रामगंज पुलिस थानें से जुड़े भूमि विवाद और कोतवाली थाने से जुड़े दूकान विवाद में भी आईपीएस अधिकारी राजेश मीना को आरोपी बनाया गया है।