जमीनी विवाद को लेकर माण्डेडा गांव में हुआ खूनी संघर्ष

beawar 4-4-2013 ppo 21-4-2013

ब्यावर के माण्डेडा में हुए विवाद के बाद घायलों से पूछताछ करती आरपीएस डॉ.वनिता शर्मा।

ब्यावर। निकटवर्ती माण्डेडा गांव में रविवार सुबह दो पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष के एक पूर्व फौजी ने अपनी बंदूक से हवाई फायरिंग की। गांव में अचानक हुए विवाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पथराव में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रशिक्षु आरपीएस डॉ. वनिता शर्मा ने मौका मुआयना कर वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी सहित दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रशिक्षु आरपीएस डॉ. वनिता शर्मा ने बताया कि माण्डेडा गांव में मेहरात समाज के दो गुटों में जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष के पास पंचायत का पट्टा है और दूसरा पक्ष इस जमीन पर आधिपत्य दिखाने की कोशिश कर रहा है। इस बात को लेकर रविवार सुबह दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। एक पक्ष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस बीच दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंस शुदा बंदूक से फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग से किसी से कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन पथराव से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह मय टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को राजकीय अमृतकौर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना में शकरूद्दीन, रसूल, फिरोज व अन्य को चोटें आई हैं। वारदात के बाद सदर थाना पुलिस जांच में जुट गई। इस मामले में पुलिस ने फायरिंग करने वाले पूर्व फौजी भंवरू काठात सहित फिरोज काठात, रसूल काठात, शकरु मेहरात को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक दोनाली बंदूक व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
-सुमित सारस्वत

error: Content is protected !!