सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने अपने हाई एंड मोबाइल फोन गैलेक्सी नोट-2 को भारतीय बाजार में भी उतार दिया है। यहां इसकी कीमत 39,990 रुपये रखी गई है। एक हफ्ते के अंदर यह कंपनी के स्टोरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। बुधवार को ही कंपनी ने इसे सियोल में उतारा था।
इस मौके पर सैमसंग मोबाइल ने गैलेक्सी स्मार्ट कैमरा भी पेश किया। इसे बाजार में अगले महीने बिक्री के लिए उतारा जाएगा। गैलेक्सी नोट-2 लॉन्च करते हुए कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ (दक्षिण एशिया) बीडी पार्क ने बताया कि यह मोबाइल नोट श्रेणी को नई ऊंचाई तक ले गया है। इस फोन में एंड्रॉयड 4.1 जेली बीन ऑपरेटिंग सिस्टम, 1.66 गीगाहर्ट्ज का क्वाड कोर प्रोसेसर, 2 जीबी रैम, 5.5 इंच का सुपर एमोलेड टचस्क्रीन, 8 मेगापिक्सल रियर और 1.9 मेगापिक्सल फ्रंट एचडी कैमरे जैसी खासियत है। नोट-2 में 16 जीबी इंटरनल मेमोरी मिलेगी। इसकी मेमोरी को 64 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। पार्क ने बताया कि यह हर श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा। सैमसंग मोबाइल के उपाध्यक्ष असीम वारसी ने उम्मीद जताई कि नोट-2 भारतीय स्मार्टफोन बाजार के 15 फीसद हिस्से पर कब्जा जमा लेगा।