जनरल मोटर्स [जीएम] इंडिया ने कारों की कीमतों में इजाफा करने की घोषणा की है। कीमतों में वृद्धि एक अक्टूबर से सभी मॉडलों पर लागू होगी।
कंपनी ने बताया कि कच्चे माल की कीमतों में हुआ इजाफा और रुपये की कीमतें गिरने की वजह से संतुलन बनाए रखने में दिक्कत हो रही है।
कंपनी के उपाध्यक्ष पी. बालेंद्रन ने बताया कि कीमतों में कितनी वृद्धि होगी इस पर अभी फैसला नहीं लिया गया है। जीएम भारत में एंट्री लेवल कार स्पार्क से लेकर हाई एंड एसयूवी कैप्टिवा बेचती है। कंपनी की कारों की कीमत 2.85 लाख से शुरू होकर 24.6 लाख रुपये तक है।
तीन दिन पहले होंडा कार्स इंडिया और मारुति सुजुकी ने भी दामों में इजाफा करने की घोषणा की थी। दोनों कंपनियों ने कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और रुपये की कीमत में उतार-चढ़ाव का ही हवाला दिया था।
होंडा ने ब्रिओ, जैज और सिटी मॉडलों पर 2.6 फीसद इजाफे की घोषणा की थी। वहीं, मारुति अभी इसकी तैयारी कर रही है।