अमेरिका के निवेशकों को लुभाएंगे चिदंबरम

p chidambaramनई दिल्ली। वित्त मंत्री पी चिदंबरम निवेशकों को लुभाने के लिए एक हफ्ते के लिए कनाडा व अमेरिका के दौरे पर जाएंगे। वह रविवार को यहां रवाना होंगे। दोनों देशों के निवेशकों के सामने वह भारत की ग्रोथ स्टोरी पेश करेंगे। इस दौरान चिदंबरम वाशिंगटन में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आइएमएफ) व विश्व बैंक की सालाना बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।

चालू खाते के बढ़ते घाटे की समस्या से जूझ रहे वित्त मंत्री अब तक निवेशकों को आकर्षित करने के लिए जापान, जर्मनी, हांगकांग व सिंगापुर सहित दुनिया के कई प्रमुख वित्तीय केंद्रों का दौरा कर चुके हैं। अब वह 15 अप्रैल से टोरंटो, ओटावा, बोस्टन व न्यूयार्क में रोडशो आयोजित करेंगे। इसके तहत वह भारत में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार की बड़ी परियोजनाओं की नुमाइश करेंगे और राजकोषीय घाटे में कमी के लिए उठाए गए कदमों का हवाला देंगे।

इस दौरान वह कर्ज बाजार में विदेशी निवेश बढ़ाने के लिए उठाए गए सरकार के कदमों की भी चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्री के इस दौरे में वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा आरबीआइ के डिप्टी गवर्नर ऊर्जित पटेल भी शामिल होंगे।

error: Content is protected !!