नई दिल्ली। केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सभी महिला कर्मचारियों वाले डाकघर खोलने की तैयारी कर रही है। ये डाकघर ऐसे इलाकों में खोले जाएंगे, जहां कामकाजी महिलाएं पर्याप्त संख्या में उपलब्ध होंगी। दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में सभी महिला कर्मचारियों वाले डाकघर खोलने की तैयारी कर रहे हैं। डाक विभाग ने ये डाकघर ऐसे इलाकों में खोलने का निर्णय लिया है, जहां कामकाजी महिलाएं पर्याप्त संख्या में हैं। ग्रामीण इलाकों में कामकाजी महिलाएं कम होती हैं। पहले शहरों में ऐसे डाकघरों की स्थापना से शुरूआत की जाएंगी और बाद में अन्य इलाकों में इन्हें खोला जाएगा। इन डाकघरों का संचालन और प्रबंधन पूरी तरह से महिलाओं के द्वारा किया जाएगा। अब तक सिब्बल ने दिल्ली के शास्त्री भवन और दिल्ली यूनिवर्सिटी में दो महिला डाकघरों का उद्घाटन किया है। डाक सचिव पी गोपीनाथ ने इसी तरह के दो डाकघरों का उद्घाटन मुंबई के टाउन हाल इलाके और हैदराबाद में किया है।
सिब्बल ने कहा कि देश में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार यह कदम उठा रही है। फिलहाल विभाग ने सभी महानगरों में ऐसे चार डाकघर और टियर टू शहरों में कम से कम एक महिला डाकघर खोलने की योजना बनाई है। ये सभी डाकघर अगले छह महीने में शुरू हो जाएंगे। विभाग को उम्मीद है कि ये डाकघर खुलने से इनमें महिला ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी।
स्पेक्ट्रम पर फैसले कैबिनेट में
दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए हर समय नीलामी का रास्ता अपनाने का कोई मतलब नहीं है। स्पेक्ट्रम से जुड़े सभी मसलों पर फैसला कैबिनेट में लिया जाएगा। इन मसलों पर दूरसंचार विभाग (डॉट) की रिपोर्ट जल्दी ही पेश होगी।