होली भी एक साथ नहीं मना पा रहे भाजपाई

11वाकई अजमेर की माया तीन लोक से न्यारी मथुरा की तरह है। एक ओर उत्तरप्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत से कार्यकर्ता बौरा रहा है और मोदी मोदी करते नहीं थक रहा, वहीं अजमेर के बेचारे भाजपा कार्यकर्ता होली जैसा त्यौहार तक मिल कर नहीं मना पा रहे। परंपरा रही है कि होली के मौके पर नाराज दोस्तों व रिश्तेदारों को दुश्मनी समाप्त करवाई जाती है। यदि दुश्मनी खत्म न भी हो तो कम से कम एक दूसरे को रंग तो लगवा ही दिया जाता है। मगर अजमेर की भाजपा का निराला ही रंग है। शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी व महिला व बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती अनिता भदेल के बीच वर्षों पुरानी अदावत समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रही। होना तो यह चाहिए था कि शहर भाजपा के बैनर तले शहर भर के कार्यकर्ता एक हो कर होली मनाते, मगर बाकायदा अजमेर उत्तर के कार्यकर्ताओं का अलग से होली मिलन समारोह फॉयसागर रोड स्थित दोसी वाटिका में हुआ। इसमें अजमेर दक्षिण के श्रीमती भदेल के करीबी नजर नहीं आए। कार्यकर्ता किस कदर बंटे हुए हैं, इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि वाट्स ऐप पर भी दोनों के समर्थकों के अलग-अलग ग्रुप बने हुए हैं। एक है टीम अनिता भदेल तो दूसरा चौथी बारी देवनानी। इस गुटबाजी में कार्यकर्ता कितना पिस रहा है, यह तो वह ही जानता है। अफसोसनाक बात ये है कि दोनों के बीच एकता करने की हिम्मत किसी में नहीं। यहां तक कि संघ भी चुपचाप सब देख रहा है।
खैर, देवनानी ने सार्वजनिक रूप से भले ही न कहा हो, मगर उनकी चौथी बार चुनाव लडऩे की पूरी तैयारी है। आज इलैक्शन हो जाए तो वे पूरी तरह से तैयार हैं।
वैसे ये भी एक आश्चर्य है कि बाकायदा दो गुटों में बंटी होने के बाद भी भाजपा पिछली तीन बार से लगातार दोनों सीटों पर जीतती रही है और अब चौथी बार भी दोनों चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं।

error: Content is protected !!