किशनगढ़ भाजपा प्रत्याशी पर क्या फिर से होगा पुनर्विचार?

*अजमेर जिले की अन्य सीटों पर भी टिकटार्थी करेंगे भितरघात* ●
नवीन वैष्णव@ अजमेर
अजमेर जिले की किशनगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा के घोषित प्रत्याशी का विरोध तेज हो गया है। वर्तमान विधायक के समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे और विधायक को टिकट देने की मांग की। वहीं कई भाजपा पदाधिकारियों ने इस्तीफे देना भी शुरू कर दिया है। जिले की अन्य सीटों पर भी टिकटार्थी भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए ताना-बाना बुनने में लग गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार देर रात 131 प्रत्याशियों की जो सूची जारी की। उसमें अजमेर की केकड़ी विधानसभा सीट को छोड़कर सभी के प्रत्याशियों की घोशणा कर दी। वैसे तो लगभग सभी सीटों पर कार्यकर्ताओं के विरोध के स्वर सामने आने लगे हैं लेकिन किशनगढ़ विधानसभा सीट से उतारे गए विकास चौधरी को कोई भी भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता हजम नहीं कर पा रहा।

नवीन वैष्णव
यहां से वर्तमान विधायक भागीरथ चौधरी को भी टिकट की घोषणा से धक्का लगा है हालांकि उन्होंने खुद अभी तक टिकट का कोई विरोध मीडिया के सामने नहीं जताया है, लेकिन उनके समर्थक सोमवार को भाजपा मुख्यालय पहुंचे और भागीरथ चौधरी के समर्थन में नारेबाजी की वहीं उन्होंने विकास चौधरी का टिकट काटकर चौधरी को प्रत्याशी बनाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं से समझाईश के लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह भी पहुंचे। उन्होंने काफी समझाईश का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि यदि भागीरथ चौधरी को भाजपा टिकट नहीं देती है तो सभी कार्यकर्ता भाजपा को हराने के लिए कुछ भी करेंगे। मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं की बात को प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
*मसूदा में नहीं बगावती सुर*
बात अगर मसूदा विधानसभा की करें तो भाजपा प्रत्याशी सुशील कंवर पलाडा के खिलाफ किसी भी भाजपा नेता के विरोध के स्वर सामने नहीं आए हैं, बल्कि सभी ने पलाडा को टिकट देने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताया है। कार्यकर्ताओं ने रात्रि में ही कई ईलाकों में आतिशबाजी करके खुशी का इजहार किया। ऐसी खुशी किसी भी विधानसभा क्षेत्र में नजर नहीं आई।
इन सीटों पर टिकटार्थी पहुंचाएंगे भाजपा को नुकसान
*अजमेर उत्तर*
बात अगर अजमेर उत्तर की करें तो यहां भी टिकटार्थियों की लाईन काफी लम्बी थी। टिकट नहीं मिलने से यह काफी निराश हैं और भाजपा को भित्तरघात का सामना करना पड़ेगा। टिकटार्थियों में से कोई एक आध यदि बागी बनकर चुनावी मैदान में उतर जाए तो भी कोई बड़ी बात नहीं होगी लेकिन टिकटार्थी भाजपा को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। भाजपा प्रत्याशी वासुदेव देवनानी हालांकि सभी निराश कार्यकर्ताओं को साथ लाने का प्रयास करने में लगे हैं।
*अजमेर दक्षिण*
अजमेर दक्षिण में भी अनिता भदेल को उम्मीदवार बनाने से कई भाजपाईयों में रोष व्याप्त है। यह रोष सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ रहा है। कई भाजपा पार्षद व उनके समर्थकों ने खुलकर विरोध करना शुरू कर दिया है। वहीं बात टिकटार्थियों की करें तो वह भी किसी सूरत में पीछे रहने वाले नहीं है। वह भी भाजपा की कब्र खोदने में अभी से लग गए हैं।
*पुष्कर*
पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक सुरेश सिंह रावत को टिकट देने से उनके समाज के ही कई नेता खफा हो गए हैं, हालांकि इन नेताओं ने अब तक खुलकर विरोध नहीं किया है। वहीं अन्य टिकटार्थी भी भाजपा को शिकस्त दिलवाने के लिए ताना बाना बुनने में लग गए हैं। रावत का विरोध तीर्थनगरी में भी कम नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोग भी इस बार सुरेश सिंह रावत को पराजित करने में जुट गए हैं।
*ब्यावर*
ब्यावर विधानसभा सीट से एक बार फिर शंकर सिंह रावत को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतार दिया है। इससे स्थानीय भाजपाईयों मे भी आक्रोश व्याप्त है। खुद रावत समाज भी इस बार शंकर सिंह को टिकट नहीं मिलने की बाट जोह रहा था लेकिन भाजपा ने चेहरा नहीं बदलते हुए उन्हें ही उम्मीदवार घोषित किया है जो भाजपा को हार की ओर ले जा सकता है।
*नसीराबाद*
नसीराबाद से भाजपा ने दिवंगत भाजपा नेता सांवर लाल जाट के बेटे रामस्वरूप लाम्बा को मैदान में उतार दिया है जबकि उन्हें लोकसभा उपचुनाव में करारी शिकस्त मिली है। यहां से जाट समाज का टिकट मिलने से गुर्जर समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। वहीं टिकट की लाईन में लगे जाट समाज के लोग भी लाम्बा का कॅरियर खत्म करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अन्य समाजों के लोग भी लाम्बा को टिकट दिए जाने के समर्थन में नहीं है।
नवीन वैष्णव
(पत्रकार), अजमेर
9252958987, 9351087614
12-11-2018
Blogg- navinvaishnav5.blogspot.com
Facebook- www.facebook.com/Navinvaishnav87
Instagram- www.instagram.com/navinvaishnav87

error: Content is protected !!