रघु बने स्टार प्रचारक-राहुल गांधी से बढ़ी नजदीकियां

केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व राज्य के चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा अब एक ऐसी शख्सियत बन गए हैं कि पार्टी ने उन्हें केंद्र कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों में शामिल किया है, उनका नाम टॉप 40 में 27 वें स्थान पर है। यह केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं व आमजन के लिए गौरव की बात है कि आज हमारे क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को राजस्थान में लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाया गया है। कांग्रेस के टॉप 40 स्टार प्रचारकों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित राजस्थान से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ सचिन पायलट, चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा सहित कुछ वरिष्ठ नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। डॉ रघु शर्मा राजस्थान कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के चैयरमेन हैं, इस वजह से उन्हें गहलोत व पायलट के साथ राजस्थान के दौरे करने पड़ रहे हैं। वैसे भी डॉ शर्मा अपनी मेहनत, काबिलियत व किस्मत की वजह से अब राजस्थान के टॉप थ्री में गिने जाने लगे हैं। गत लोकसभा उपचुनाव में शानदार जीत के बाद से डॉ शर्मा का मनोबल चौगुना हो गया है, जिसके चलते वे दिन प्रतिदिन ऊंचाइयां छूते हुए आगे बढ़ रहे हैं। आलाकमान भी उन्हें पसन्द करते हैं, कुछ महीनों से राहुल से उनकी नजदीकियां और बढ़ गई है। यही वजह है कि राहुल ने अजमेर सीट के लिए पायलट के साथ डॉ शर्मा से सलाह मशविरा कर उनके कहने पर ही रिजु झुनझुनवाला को टिकट दिया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सरकार की ओर से कोई अहम फैसला लेना हो, संगठनात्मक गतिविधियां हो या चाहे चुनावों से सम्बंधित काम हो वे हर जगह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ नजर आते हैं। डॉ शर्मा के कदम सांसद बनने के बाद रुके नहीं और वे बढ़ते ही गए, यही वजह है कि आज वे अपनी काबिलियत के बलबूते चार महत्वपूर्ण विभागों के काबीना मंत्री के रूप में राजस्थान सरकार में तीसरे नंबर पर हैं। उल्लेखनीय है कि डॉ शर्मा के सांसद बनने के कुछ महीनों बाद ही राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें राजस्थान कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया। साथ ही उनकी राजस्थान सरकार में भागीदारी व सेवाओं के लिए पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाया। डॉ शर्मा ने केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल की जिन्हें सरकार में काबीना मंत्री बनाया गया। अभी गत माह उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए भी राजस्थान चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। यह सर्वविदित है कि डॉ शर्मा के फैसले मजबूत व असरदार होते हैं। यही वजह है कि संगठन और सरकार को उनकी जरूरत पड़ती है। आज वे सत्ता व सरकार में सामंजस्य बनाये रखने के लिए सेतु का काम कर रहे हैं। चंद महीनों में ही उन्होंने राज्य में बिगड़ी चिकित्सा व्यवस्था को काफी हद तक सुधारा है। डॉ शर्मा अपने निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी से भी बहुत प्यार करते हैं, वे क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके क्षेत्र प्रेम का ही नतीजा है कि उन्होंने 3 महीने में ही केकड़ी अस्पताल की दशा सुधार दी। गर्व की बात है कि हैल्थ डिपार्टमेंट ने प्रदेश के 255 ब्लॉक्स अस्पताल की परफॉर्मेंस के आधार पर वरीयता सूची जारी की है, जिसमें बेहतरीन परफॉर्मेंस की वजह से केकड़ी अस्पताल अव्वल स्थान पर रहा है।

error: Content is protected !!