शहर के नालों का गंदा पानी आनासागर झील में गिरने पर एनजीटी ने लगाया 70 लाख रूपए का जुर्माना
-नगर निगम अधिकारियों ने एनजीटी में पेश किया झूठा शपथ पत्र
-सामाजिक कार्यकर्ता साहू ने बताई सच्चाई
-विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने आंखें तरेरीं, तो झील से जलकुंभी साफ हो गई
-वरना अधिकारी जलकुंभी साफ करने के नाम पर अपनी तिजोरियां भरते रहते
-जलकुंभी साफ करने में सवा छह करोड़ रूपए से ज्यादा खर्च हो गए, इतने में तो नई झील बन जाती
👉अजमेर में नगर निगम के अधिकारी भाजपा सरकार में ही भाजपा बोर्ड की बैंड बजाने में लगे हुए हैं। यह स्थिति तो तब है, जब वर्तमान में अजमेर उत्तर के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष हैं। यह तो गनीमत है, देवनानी ने आंखें तरेरीं और अधिकारियों को हड़काया, तो आनासागर से जलकुंभी साफ हो गई, वरना नगर निगम के अधिकारी तो जलकुंभी निकालने के नाम पर अपनी तिजोरियां भरने में मशगूल थे। जलकुंभी साफ करने के नाम पर सवा छह करोड़ रूपए से अधिक खर्च कर दिए। इतने में शायद शहर में कोई अच्छी जगह देखकर नई झील बन जाती। जिस बांडी नदी के नाले के रास्ते से जलकुंभी आनासागर तक पहुंची थी, उस नाले से भी एक-दो दिन पहले आधी-अधूरी जलकुंभी साफ की गई है, लेकिन हटाई गई जलकुंभी का मलबा अभी भी नाले में चारों तरफ पसरा हुआ है। झूठ बोलने और अदालत में झूठा शपथ पत्र देने में नगर निगम के अधिकारियों का कोई मुकाबला नहीं है। पहले एक भाजपा नेता को टारगेट कर बदतमीजी वाली भाषा में हलफनामा देने के कारण यह अधिकारी खासा चर्चा में आए थे, तो अब आनासागर में नालों से गिरने वाले गंदे पानी को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में झूठा शपथ पत्र देने को लेकर चर्चित हुए हैं। आनासागर झील में 13 नालों के गिरने के मामले में गलत शपथ पत्र दायर करने को गंभीरता से लेते हुए एनजीटी की भोपाल बेंच ने नगर निगम पर करीब 70 लाख रूपए का जुर्माना ठोक दिया है। आनासागर में गंदे नालों का पानी गिरने के मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता और आरटीआई एक्टिविस्ट बाबूलाल साहू ने याचिका दायर की थी, जिस पर नगर निगम के अधिकारियों ने अपनी खाल बचाने के लिए झूठा शपथ पत्र पर्यावरण मामलों की सबसे बड़ी अदालत में पेश कर दिया। इसमें बताया गया था कि आनासागर झील में नालों का गंदा पानी नहीं गिरता है और सभी नालों को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से जोड़ दिया गया है, जबकि हकीकत इसके विपरीत है।

(यदि ब्लॉग पर आप अपनी कोई राय जाहिर करना या मार्गदर्शन देना चाहते हैं, तो मेरे मोबाइल व वाट्सएप्प नंबर-08302612247 पर संपर्क कर सकते हैं। आप मेरे फेसबुक पेज, ’’मेरा संवाद’’ यू ट्यूब चैनल और वाट्सएप्प चैनल से भी जुड़ सकते हैं।)
✍️प्रेम आनन्दकर, अजमेर।
📱8302612247