संभागीय आयुक्त ने की प्रशासनिक व्यस्थाओं की समीक्षा

अधिकारी आपसी सामन्जस्य से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें – संभागीय आयुक्त
अजमेर, 29 मार्च। संभागीय आयुक्त श्री हनुमान सहाय मीना ने कहा कि सूफी संत ख्वाजा माईनुद्दीन चिश्ती के 804वें उर्स में समस्त व्यवस्थाएं समयबद्धता एवं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करें। यह अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का मेला है। जिसे भव्यता प्रदान करते हुए जायरीनों की सुविधाओं का ध्यान रखें।
संभागीय आयुक्त मंगलवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित सूफी संत मोईनुद्दीन चिश्ती के 804वें उर्स में किए जाने वाले प्रशासनिक इंतजामों एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उर्स के लिए पानी, बिजली, सड़क, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य सभी इंतजाम समय पर पूर्ण कर लिए जाएं तथा सभी विभाग मुश्तैदी से कार्य करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वाह करें।
उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि विश्राम स्थली पर जायरीनों के ठहरने के लिए अच्छी व्यवस्थाएं हो वहां साफ-सफाई एवं भ्रमणशील शौचालय पर्याप्त मात्रा में स्थापित किए जाएं। मेला क्षेत्रा में सफाई व्यवस्था सतत् रूप से चले इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड पर भी सफाई की पुख्ता व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिग्रेड सही हालत में रहे। उन्होंने तारागढ़ जाने वाले पैदल मार्ग पर पर्याप्त लाईट व्यवस्था करने, कचरा समय पर उठाने, आवारा जानवरों को पकड़ने तथा स्ट्रीट लाईटों पर टाईमर लगाने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि मेला क्षेत्रा में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए। विश्राम स्थली एवं दरगाह में सी.सी. टी.वी कैमरे लगाए जाए। पुलिस का नियंत्राण कक्ष इस दौरान 24 घण्टे कार्य करेगा। भीड़ नियंत्राण के लिए जुम्मे की नवाज पर धानमण्डी एवं निजाम गेट के पास वरिष्ठ अधिकारी लगाए जाएं। मेले में कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। असामाजिक तत्वों को भी पाबंद करें। सरवाड़ में भी उन्होंने समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पाक जायरीन के ठहराने के स्थान पर समस्त व्यवस्थाएं पुख्ता हो। परिवहन विभाग उन्हें रेलवे स्टेशन से ठहरने के स्थान तक ले जाने के लिए अच्छी बसो की व्यवस्था करें। ठहरने के स्थान पर अस्थायी केन्टिन भी लगायी जाए। उन्होंने कहा कि विश्राम स्थली, रेलवे एवं बस स्टैण्डों पर यातायात व्यवस्था संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाए साथ ही टैम्पों एवं बसों में यात्रियों से लिए जाने वाले किराए की सूची भी दरों का निर्धारण कर जगह -जगह प्रदर्शित की जाए।
संभागीय आयुक्त ने चिकित्सा विभाग खाद्य सामग्री के सैम्पल लेने तथा उनकी जांच कराने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में दवाईयां उपलब्ध रहे। उन्होंने रेलवे को उर्स मेले के दौरान लगायी जाने वाली ट्रेनों को प्रचारित करने तथा अतिरिक्त टिकिट काउंटर लगाने, स्टेशन पर साफ-सफाई रखने तथा जायरीनों को सावचेती बरतने का प्रसारण स्टेशन पर कराने के निर्देश भी दिए है। रेलवे जीआरपी को लगातार निगरानी रखने तथा जेबकतरों की धरपकड़ करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जलदाय विभाग को पानी की पुख्ता व्यवस्था करने, तारागढ़ पर पानी के लिए बावड़ी की साफ-सफाई करवाने, लिकेज ठीक करने के निर्देश दिए है। वहीं स्काउट को भी पुलिस के साथ सहयोग देने के निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्रा में बिजली की माकुल व्यवस्था हो, वहीं सड़कों के पेचवर्क तत्काल सही कर दिए जाएं। उन्होंने रसद अधिकारी को खाने के पैकेट सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. गजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि मेला क्षेत्रा में पर्याप्त मात्रा में मेडिकल टीमे लगायी जाएगी। साथ ही 11 डिस्पेंशरियां राउंड दा क्लाॅक खुली रहेगी। पर्याप्त मात्रा में डीडीटी का छिड़काव तथा जल शुद्धिकरण का कार्य भी कराया जाएगा। इस मौके पर अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. के मुख्य अभियंता श्री बी.एस.रत्नू ने बताया कि मेला क्षेत्रा में विद्युत वितरण बिना अवरोध के करने लिए मोती कटला में सब स्टेशन स्थापित किया गया है। जहां 5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए है साथ ही 33 केवी एवं 11 केवी की लाईनों का रख-रखाव कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्रा में अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करते ही कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा।
बैठक में रोडवेज के मुख्य प्रबंधक ने बताया कि इस बार लगभग 120 अतिरिक्त बसें लगायी जाएगी ताकि जायरीनों को कोई कठिनाई ना हो। इसी प्रकार डेयरी द्वारा भी 24 घण्टे दूध की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव श्री एच.गुईटे, पुलिस अधीक्षक नितीन दिप ब्लग्गन, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त कमलराम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री राधेश्याम मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह, दरगाह कमेटी के सचिव, दोनों अंजुमन के पदाधिकारी दरगाह दीवान सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

error: Content is protected !!