अजमेर नगर निगम में पेंशन महा अभियान प्रारम्भ

अजमेर। नगर निगम अजमेर में आज से पेंशन महा अभियान प्रारम्भ हो गया। महापौर श्री कमल बाकोलिया ने महा अभियान का शुभारम्भ करते हुए सभी को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इस महा अभियान में योग्य व्यक्तियों की पेंशन स्वीकृत की जायेंगी।
बाकोलिया ने शिविर में आये वार्ड संख्या 6 से 10 के लोगों को यह भी विश्वास दिलाया कि निगम के अधिकारी व कर्मचारी तथा प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूरी तल्लीनता से कार्य करके उनका कार्य सम्पादित किया जायेगा।
महा अभियान के प्रथम दिन काफी संख्या में नागरिकों की भीड़ मौजूद थी और सांयकाल तक 500 से अधिक व्यक्तियों ने पेंशन हेतु अपने फार्म भरें।
उपखण्ड अधिकारी, अजमेर श्री दयानन्द शर्मा के सम्मुख पेंशन आवेदन पत्रा प्रस्तुत किए गये जिनकी जांच शिविर में ही मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों से करायी गई। शिविर को पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने भी सम्बोधित किया और इस महा अभियान को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्राी श्री अशोक गहलोत के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में नगर निगम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, आयुक्त प्रशासन श्री बजरंग सिंह चौहान, विधि अधिकारी श्री हवा सिंह, पार्षद चन्द्र प्रकाश बालोटिया, श्रवण टोनी, श्रीमती मीना सिगांरिया, जिया देवी व श्रीमती रशिम हिंगोरानी सहित अन्य जन प्रतिनिधि मौजूद थे।
नगर निगम के वरिष्ठ लेखाधिकारी एवं अभियान के प्रभारी अधिकारी श्री रमेश चन्द त्रिपाठी ने बताया कि आज वार्ड संख्या 6 से 10 के लिए शिविर आयोजित हुआ। प्रत्येक वार्ड के लिए अलग कांउन्टर जांच अधिकारी व दो लिपिक नियुक्त किए गये। नगर निगम द्वारा पेंशन फार्म भरने वालों के लिए निःशुल्क नोटेरी पब्लिक की व्यवस्था की गई।

error: Content is protected !!