पाकिस्तान में फैक्टरी अग्निकांड में मृतकों की संख्या 239 हुई

पाकिस्तान में दो फैक्टरियों में आग लगने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या 239  से अधिक हो गई है। इनमें से एक फैक्टरी कराची में और दूसरी लाहौर में थी। कराची के अग्निकांड में 200 से अधिक लोग मारे गए। यह दुर्घटना पाकिस्तान में हाल के सबसे भीषण अग्निकांडों में से है। मंगलवार दोपहर लाहौर में जूतों की एक फैक्टरी आग की चपेट में आ गई थी। इस दुर्घटना में वहां 25 लोग मारे गए। कुछ घंटों बाद ही शाम को कराची की एक कपड़ा फैक्टरी में आग लगी, जहां 200 लोगों की मौत हो गई।

कराची में बचाव दल अब भी मलबे में फंसे कामगारों को निकालने में मदद कर रहे हैं। जियो न्यूज के मुताबिक कराची के अग्निशमन विभाग के प्रमुख एहतेशाम सलीम ने कहा, ‘‘हमने अब तक 150 शव निकाले हैं। हम अब भी हादसे का शिकार बने और लोगों की तलाश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें फैक्टरी के तहखाने में बने कमरे से कई शव मिले हैं। ये शव पूरी तरह से जले हुए हैं।’’ रातभर में मरने वालों की तादाद काफी बढ़ गई।

जली हुई इमारत के मलबे से बचावकर्मियों को एक के बाद एक शव मिलते जा रहे थे। मृतकों व घायलों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। कराची सिविल अस्पताल के एक चिकित्सक अब्दुस सलमान का कहना है कि आग से बचने की कोशिश में कुछ कामगार खिड़कियों से कूद गए थे। कम से कम 65 कामगारों की हड्डियां टूटने से उन्हें काफी चोटें आई हैं। कराची में दमकल की कम से कम 40 गाडिय़ों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूत्रों का कहना है कि कपड़ा फैक्टरी में करीब 2,000 कामगार काम करते थे।

 

error: Content is protected !!