शि और ली बने सीपीसी की केंद्रीय समिति के सदस्य

चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने बुधवार को देश का शासन चलाने के लिए नेताओं की नई पीढ़ी का चुनाव कर लिया है। इनमें शि जिनपिंग व ली केकुइयाग को सीपीसी की केंद्रीय समिति का सदस्य चुना गया है। यह अगले पाच वर्ष तक देश का शासन चलाएंगे।

सीपीसी की 18वीं केंद्रीय समिति कल पोलित ब्यूरो, पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति और महासचिव का चुनाव करेगी। संभावना है कि शि को सीपीसी का नया महसचिव और राष्ट्रपति चुने जाएंगे और ली देश के नए प्रधानमंत्री बनेंगे।

सीपीसी की 18वीं राष्ट्रीय काग्रेस में 2,307 प्रतिनिधि और विशेष आमंत्रित प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसका आयोजन बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में किया जा रहा है। इस बात की पूरी संभावना है कि शि मार्च 2013 से चीन के राष्ट्रपति हु जिंताओ की जगह लेंगे।

59 वर्षीय शि सीपीसी के 17वीं केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य, उपराष्ट्रपति और सीपीसी सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष हैं। 57 वर्षीय ली भी सीपीसी के 17वीं केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और उपप्रधानमंत्री हैं।

इस बात की पूरी संभावना है कि शासन के पहले पाच वषरें के बाद उन्हें एक और कार्यकाल का मौका मिलेगा। चीन के नेतृत्व में प्रत्येक दस वर्ष के बाद बदलाव होता है।

सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ की खबर के अनुसार, समापन समारोह के दौरान चीन के शीर्ष नेता मौजूद थे। इनमें राष्ट्रपति और सीपीसी के महासचिव हू जिंताओ, जिआग जेमिन, वु बागुओ, वेन जिआबाओ, जिआ किंगलिन, ली छागचुन, ली जिनपिंग, ली केकुइयाग, हे गुकआग और झोउ योंगकाग प्रमुख थे। बैठक की अध्यक्षता हू ने की।

error: Content is protected !!