दिल्ली गैंगरेप मामले में आस्ट्रेलिया में भी दिखा गुस्सा

दिल्ली में फिजियोथेरेपिस्ट के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में ऑस्ट्रेलिया में बृहस्पतिवार को भारतीय समुदाय के लोगों ने भारतीय वाणिज्य दूतावास के सामने एकत्रित होकर शांतिपूर्ण रैली निकाली। साथ ही भारत में दुष्कर्म के खिलाफ की जा रही कड़े कानून की मांग का समर्थन किया। उन्होंने सिंगापुर में इलाज के लिए भेजी गई पीड़िता के स्वस्थ होने की भी कामना की।

भारतीय समुदाय के कई नेताओं ने वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को भारतीय गृह मंत्रालय तक पहुंचाने के लिए ज्ञापन भी सौंपा। इसमें दुष्कर्म और छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। मेलबर्न इंडियन सॉलिडेरिटी ग्रुप द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हम समूचे भारत में महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और दुष्कर्म के बढ़ते मामलों को लेकर चिंतित हैं। हम हाल में दिल्ली में हुई घटना और कहीं भी होने वाले दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ जैसे जघन्य अपराध की निंदा करते हैं। ऑस्ट्रेलिया-इंडिया व्यापार परिषद-विक्टोरिया के अध्यक्ष रवि भाटिया ने कहा, भारत सरकार को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। हम भारत सरकार और राज्य सरकारों से दुष्कर्म और महिलाओं के खिलाफ होने वाले दूसरे अपराधों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग करते हैं। थाइलैंड में भी हजारों की संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को संबोधित खत पर हस्ताक्षर किया है। इसमें दुष्कर्म के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। दिल्ली में पली बढ़ी और बैंकाक में रेस्तरां चलाने वाली विभा क्वात्रा ने कहा कि दिल्ली में लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना शर्मनाक है।

error: Content is protected !!