लंदन। सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक एक ऐसा सॉफ्टवेयर लांच करने जा रहा है, जो फेसबुक पेज पर डाले गए संदेश और उस पर की गई टिप्पणियों को सीधे एंड्रॉयड फोन के होमपेज पर भेज देगा। यह सॉफ्टवेयर एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम के एक रैपर की तरह काम करेगा। इसके इस्तेमाल से सूचनाएं, तस्वीरें और संदेश फोन के मुख्य स्क्रीन पर नजर आएंगे न की पेसबुक एप्लीकेशन के माध्यम से। फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का कहना है कि इस बदलाव से मोबाइल का इस्तेमाल करने वालों के केंद्र में एप्लीकेशन की जगह लोग आ जाएंगे।
जुकरबर्ग ने कहा, यह फोन एप्लीकेशन कंप्यूटर की दुनिया की एक ऐसी विरासत होगी, जिसमें एप्लीकेशन पर क्लिक करने के साथ ही वह काम करना शुरू कर देगा। उन्होंने बताया कि डेस्कटॉप और लैपटॉप पर तो यह अच्छा काम करता है। लेकिन फोन के संदर्भ में इसका कम ही महत्व है। उन्होंने कहा कि अब फोन के इस्तेमाल का नया तरीका आ रहा है, जो ज्यादा महत्वपूर्ण है। हम ज्यादातर समय फोन पर अपने दोस्तों, रिश्तेदारों, परिचितों से संपर्क में रहते हैं। फेसबुक का फोन सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन को छिपा देगा और इसकी जगह सोशल नेटवर्क के सभी कंटेट और चैट को फोन के होम स्क्रीन पर दिखाएगा।
यह सॉफ्टवेयर गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। फेसबुक का यह फोन सॉफ्टवेयर 12 अप्रैल से पांच फोन पर उपलब्ध होगा। इनमें एचटीसी के दो फोन और सैमसंग के तीन फोन हैं।