भाजपा से गठबंधन पर लोजपा में बगावत

ram-vilash-paswanभाजपा से गठबंधन होते देख लोजपा में बगावत के स्वर उभरने लगे हैं। एक दिन पहले इस गठबंधन पर नाराजगी जाहिर करने वाले पार्टी के इकलौते विधायक जाकिर अनवर ने बुधवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। हालांकि पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है, पर सूत्रों की मानें तो लोजपा विधायक जदयू में जाने का मन बना चुके हैं। वे अररिया से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में जाकिर अनवर 25 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे।

वहीं दूसरी ओर एक अन्य नेता सह पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी ने भी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। विजेंद्र चौधरी के राजद में जाने की चर्चा है। मुजफ्फरपुर से विधायक रह चुके चौधरी मुजफ्फरपुर से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इसकी तैयारी वे कई महीने से कर रहे थे।
पार्टी सूत्रों की मानें तो राजद के बजाए भाजपा से गठबंधन के मसले पर इन दोनों नेताओं ने अपनी नाराजगी राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान को बताई थी। फिर भी पार्टी भाजपा से ही गठबंधन के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। इसी से नाराज विधायक जाकिर अनवर ने अपना इस्तीफा दिया। संभव है कि वे एक-दो दिनों में जदयू में शामिल हो जाएं।
पार्टी नेताओं की मानें तो भाजपा से गठबंधन के सवाल पर पार्टी का एक धड़ा खासा नाराज है। पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी जैसे नेता लोजपा-राजद गठबंधन के पक्षधर रहे हैं। अगर भाजपा से गठबंधन का विधिवत ऐलान होता है तो आने वाले दिनों में पार्टी के कुछ और नेता लोजपा का साथ छोड़ सकते हैं। इन नेताओं में अधिकतर पूर्व सांसद व विधायक शामिल हैं।
error: Content is protected !!