दो दर्जन केंद्रीय मंत्री दिल्ली में करेंगे भाजपा का प्रचार

bjp logoनई दिल्ली /  दिल्ली में भाजपा के चुनाव अभियान में देश भर के नेता जुटने जा रहे हैं। पार्टी ने यहां रह रहे देश के विभिन्न प्रदेशों लोगों को लुभाने के लिए वहां के दिग्गज नेताओं को प्रचार अभियान के लिए बुलाया है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने अभियान की जो रूप रेखा तैयार की है उसमें विभिन्न प्रदेशों से जुड़े लगभग दो दर्जन केंद्रीय मंत्री भी झुग्गी झोंपड़ी व गली-कूचों से लेकर पाश कालोनियों में वोट मांगते नजर आएंगे। दिल्ली में पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। पहले चरण में पन्ना प्रमुखों के जरिए हर मतदाता तक पहुंचने व बूथ प्रबंधन के द्वारा मतदाताओं को मतदान केंद्र कर लाने की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। दूसरा चरण 26 जनवरी के बाद शुरू होगा जिसमें दिल्ली में रह रहे हर प्रदेश व सामाजिक समूहों को लक्ष्य बनाकर जनसंपर्क व सभाएं की जाएंगी।

सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय समीकरणों के लिहाज से लगभग दो दर्जन केंद्रीय मंत्रियों को भी अहम जिम्मेदारी दी जा रही है। इनमें वेंकैया नायडू, निर्मला सीतारमण, राधा मोहन सिंह, उमा भारती, कलराज मिश्र, बंडारू दत्तात्रेय, पी राधाकृष्णन, अनंत कुमार, सदानंद गौड़ा, नितिन गडकरी, वीरेंद्र सिंह, कृष्णपाल गूजर, जे पी नड्डा, रविशंकर प्रसाद, जुएल ओरांव, धर्मेद्र प्रधान, सर्वानंद सोनोवाल, किरण रिजीजू, जितेंद्र सिंह, संजीव बालियान, रामकृपाल यादव, मनोज सिन्हा, राजीव प्रताप रूड़ी व बाबुल सुप्रियो शामिल हैं। इनके साथ सामाजिक समीकरणों के अनुरूप लगभग एक दर्जन राज्यों के प्रमुख नेताओं व सांसदों को भी नुक्कड़ सभाओं व जनसंपर्क अभियान की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान व महाराष्ट्र प्रमुख हैं। उत्तराखंड ने तीनों प्रमुख नेता पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भुवनचंद्र खंडूरी व रमेश पोखरियाल निशंक भी प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।

error: Content is protected !!