बाढ़ से मर रहे लोग, सीएम घूम रहे हैं विदेश

असम में बाढ़ से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। 27 में से 16 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। 18 लोगों की मौत हो गई है। 17 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। पहले ही खतरे के निशाने से ऊपर चल रही ब्रह्मपुत्र नदी में लगातार पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है। लाखों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। हजारों एकड़ में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। पुल और सड़के टूट कर तबाह हो गई है। इस बीच बीच राज्य के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई विदेश में घूम रहे हैं।

स्टडी टूर के तहत गोगोई जापान के दौरे पर हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विदेश दौरा बीच में ही स्थगित कर देश लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत के लिए हेलीकॉप्टर लगाने और मेकेनाइज्ड बोट लगाने को कहा है। करीब 2 लाख लोग 166 राहत शिविरों में रह रहे हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सीईओ अतुल चर्तुवेदी ने कहा कि स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। अगले एक-दो दिन में हालात सामान्य हो जाएंगे।

केन्द्रीय जल आयोग और मौसम विभाग ने मौसम में सुधार के संकेत दिए हैं। नेशनल डिजास्टर रेस्पोंस फोर्स,स्टेट डिजास्टर रेस्पोंस फोर्स,सेना और वायुसेना राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पानी में डूबा हुआ है। यह राजमार्ग असम के धेमाजी को अरूणाचल प्रदेश से जोड़ता है। राजमार्ग के पानी में डूबने से खाने की दिक्कत पैदा हो सकती है।

error: Content is protected !!