मुंबई। जाने-माने फिल्म प्रड्यूसर और डायरेक्टर यश राज चोपड़ा का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। जुहू के चंदनबाड़ी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शोक में डूबी फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए बॉलिवुड के सभी लोग पहुंचे।
रविवार शाम मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में उनका निधन हो गया था। सांस में तकलीफ और बेचैनी के चलते 13 अक्टूबर को उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया था। फिर खबर आई कि उन्हें डेंगू हो गया। उनके निधन का समाचार सुनते ही फिल्म जगत में शोक की लहर छा गई। लीलावती अस्पताल में सबसे पहुंचने वाले सितारों में दिलीप कुमार और सलमान खान शामिल थे।
रविवार की रात यश चोपड़ा का पार्थिव शरीर उनके जुहू स्थित निवास ‘आदित्योदय’ पर ले जाया गया। सोमवार सुबह 9 बजे उनका शव अंतिम दर्शन के लिए अंधेरी के वीरा देसाई रोड स्थित यशराज स्टूडियो में रखा गया। बॉलिवुड के दिग्गजों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां से उनके पार्थिव शरीर को जुहू के चंदनबाड़ी शवदाह गृह ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।