280-जलालपुर विस उपचुनाव: त्रिकोणीय मुकाबले में दिख रहा है भाजपा का पलड़ा भारी…

कहने को तो उपचुनाव है परन्तु देखकर ऐसा नहीं प्रतीत हो रहा है कि यहाँ किसी एक विधानसभा क्षेत्र में ही मतदान होना है। इस समय सियासी माहौल इतना गर्माया हुआ है कि उमस और चुनावी सरगर्मी से प्रत्याशी व नेतागण हलकान से हो गये हैं। कुछ चन्द ही घण्टों के उपरान्त मतदान होना है फिर भी प्रत्याशियों के समर्थक, स्टार प्रचारक गाँव-गलियों की खाक छान रहे हैं। इस समय चुनावी सेनेरियो इतना गड्डमगड्ड हो गया है कि कुछ भी कह पाना बेमानी सा होगा।
उत्तर प्रदेश सूबे की 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इसमें 280-जलालपुर विधानसभा का हाल बयाँ कर पाना मुश्किल सा प्रतीत हो रहा है। बता दें कि यह विधानसभा सीट सूबे के अम्बेडकरनगर जनपद की है, जो बीते लोकसभा चुनाव के दौरान 55-अम्बेडकरनगर से सांसदी का चुनाव जीत चुके बसपा के रितेश पाण्डेय द्वारा रिक्त की गई है। इस क्षेत्र में सूबे के सियासी गलियारों में रहने वालों, रसूखदारों, माननीयों, मन्त्रियों की पूरी फौज जमी हुई है। लोग गाँव-गिराँव, गली-कूचों, घर-घर पहुँचकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। मुकाबला अत्यन्त ही रोचक हो गया है।
280- जलालपुर में भाजपा, सपा और बसपा के बीच अब त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि चुनावी प्रक्रिया शुरू होने पर लोगों की जुबान पर कांग्रेस का भी नाम हुआ करता था, परन्तु जैसे-जैसे मतदान की तिथि करीब आने लगी और चुनावी माहौल गर्म होने लगा वैसे-वैसे सिनेरियो भी चेंज होने लगा। अब उन्हीं लोगों द्वारा यह कहा जा रहा है कि जलालपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। इन्हीं लोगों के अनुसार इस समय भाजपा का पलड़ा भारी माना जा रहा है। बताना जरूरी है कि जलालपुर सीट बसपा की थी, जिस पर 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में रितेश पाण्डेय विजयी हुए थे। चूँकि यह सीट बसपा की थी इसलिए भाजपा पूरा दम-खम लगाकर इसे अपने पाले में करने का हर जतन कर रही है।
280- जलालपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के साथ शुरू हुए प्रचार अभियान में बीजेपी ने काबीना मंत्रियों से लेकर संगठन के बड़े-बड़े नेताओं को प्रचार कार्य में लगाया हुआ है। दूसरी तरफ बसपा और सपा भी इस उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपना पूरा जोर लगा रही है। बता दें कि इन दोनों राजनैतिक पार्टियों के मुखिया ने यहाँ किसी भी जनसभा में शिरकत नहीं किया। इसे क्या माना जाए……..? इनका अति विश्वास या फिर कुछ और। इस क्षेत्र के लोगों में यह चर्चा जोरों पर रही और अब भी है कि सपा, बसपा के मुखिया और स्टार प्रचारकों ने यहाँ आकर क्यो नहीं जनसभा की, और तो और स्थानीय दिग्गजों की उदासीनता भी जानकारों को खटक रही है। बावजूद इसके जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा, सपा और बसपा के मध्य त्रिकोणीय मुकाबला मना जा रहा है और भाजपा को लोग 20 मान रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जलालपुर की सीट बसपा के खाते में गई थी। इस सीट को अपने पाले में लाने के लिए सूबे के वर्तमान मुखिया योगी आदित्यनाथ ने 280-जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा के पहले ही रैली करके करोड़ों की सौगात दिया और इस चुनाव में विजयश्री पाने के लिए अपने काबीना में मंत्रियों की फौज लगा दी। बदलते हुए चुनावी सेनेरियो को देखते हुए यह कहा जा रहा है कि जलालपुर विस क्षेत्र में भाजपा की रणनीति और मतदाता सम्पर्क जैसा होमवर्क भी अन्य पार्टियों व प्रत्याशियों के मुकाबले अलग हटकर है जिसे धनात्मक व सकारात्मक परिणाम वाला माना जा रहा है। इसमें ग्रास रूट/बूथ लेबल से लेकर टॉप क्लास के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, नेता, माननीयों की मेहतन व चुनावी रणनीति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
बता दिया जाए कि जलालपुर से भाजपा ने डॉ. राजेश सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। डॉ. सिंह इस क्षेत्र से 5 बार विधायक रहे वयोवृद्ध जमीनी नेता शेर बहादुर सिंह के सुपुत्र हैं। इनका परिवार साधारण व दिखावे से दूर रहने वाला है। डॉ. राजेश सिंह को जीत दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश के योगी काबीना में कानून मंत्री डॉ. ब्रजेश पाठक के अलावा दर्जनभर मंत्री और संगठन के कर्मठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रचार में लगे हुए हैं। जलालपुर विस उपचुनाव-2019 में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजपार्टी के कई कद्दावर लीडर के साथ पूर्व एम.पी. और वर्तमान विधायकों द्वारा क्षेत्र में नुक्कड़ सभा और पैदल यात्रा करके पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की जा रही है।
ध्यातब्य है कि बसपा से डॉ. छाया वर्मा जो कटेहरी से बसपा विधायक/पूर्व मंत्री लालजी वर्मा की सुपुत्री हैं, समाजवादी पार्टी से सुभाष राय और कांग्रेस से सुनील मिश्रा चुनाव मैदान में हैं। इस उपचुनाव में यहाँ 21 अक्टूबर 2019 को मतदान है और 24 अक्टूबर को मतगणना। कुल 13 उम्मीदवार इस चुनावी जंग में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 2 लाख 11 हजार 850 पुरूष और 1 लाख 81 हजार 597 महिला इस तरह कुल 3 लाख 93 हजार 448 मतदाता करेंगे।
रीता विश्वकर्मा
सम्पादक- रेनबोन्यूज डॉट इन
8765552676, 8423242878

error: Content is protected !!