श्रीहरि वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्ध कुन्दनलाल अहिरवार हुए दिवंगत

जीवित रहते किया था देहदान
विदिषा 22 जनवरी 2020/ जिला मुख्यालय स्थित श्रीहरि वृद्धाश्रम में सितंबर 2019 से निराश्रित, निर्धन रूप से निवासरत 90 वर्षीय वृद्ध कुंदनलाल अहिरवार का लंबी बीमारी के चलते आज दुखद निधन हो गया। वृद्धाश्रम में उनके आगमन के समय से ही पलंग पर उनकी सेवा हो रही थी, क्योंकि वे अत्याधिक रूग्ण तथा असहाय थे। रोग के अत्याधिक बढ़ जाने से वृद्धाश्रम संचालक श्रीमती इंदिरा शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा और उनकी पूरी टीम कई दिनों से 24 घण्टे उनकी सेवा में लगी थी।
स्मरणीय है कि दिवंगत वृद्ध कुंदनलाल ने दिसम्बर 2019 में अपनी पूरी याददाश्त के वक्त परोपकार की दृष्टि से समय के अनुरूप मेडिकल कॉलेज में अपने शरीर का दान करने की घोषणा कर दी थी। इसके लिए उन्होंने साक्षियों के समक्ष आश्रम संचालको को अपनी देहदान वसीयत उसी समय सौंप दी थी। उसी वसीयत के अनुरूप आश्रम संचालन ने उनकी देह स्थानीय अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज को प्रदान कर दी।
उनकी पार्थिव देह-दान का कार्यक्रम देहदान-अंगदान कार्यक्रम से जुड़े भोपाल के डॉक्टर राकेश भार्गव के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आश्रम की संचालिका श्रीमती इंदिरा शर्मा और वेद प्रकाश शर्मा, वृद्ध आश्रम उपाध्यक्ष विष्णु नामदेव,आश्रम प्रबंधक केशर जहॉ एवं वृद्ध आश्रम में रहने वाले अनेक वृद्धजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां अपने परिवार की भांति साथ रहे सभी वृद्धजनो ने नम आंखों से उनको अंतिम विदाई दी। मेडिकल कालेज के प्रभारी डीन डॉ.सुनील नंदेश्वर के निर्देशन में प्रभारी डीन डॉक्टर प्रशांत ने पार्थिव देह दान किए जाने संबंधी प्रमाण पत्र आश्रम प्रबंधन को सौंपा।

error: Content is protected !!