श्रीहरि वृद्धाश्रम के विकास हेतु विधायक शशांक भार्गव ने दिए एक लाख रु.

विदिषा 28 जनवरी 2020/श्रीहरि वृद्धाश्रम संचालन समिति द्वारा गणतंत्र दिवस के सुअवसर पर विदिशा विधायक शशांक श्रीकृष्ण भार्गव का समारोहपूर्वक हार्दिक सम्मान एवं आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं और वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों ने विधायक शशांक भार्गव के उदात्त व्यक्तित्व-कर्मठ-कृतित्व सहित लोकमंगलकारी-व्यापक परोपकारी गतिविधियों-उपलब्धियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर श्रीहरि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की तेजी से बढ़ती संख्या को देखते हुए विधायक श्री भार्गव ने वृद्धाश्रम भवन के विस्तार एवं विकास हेतु स्वयं की ओर से एक लाख रु. देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमें बुजुर्गों के अनुभवों से ही आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्ही के आशीर्वाद से समाज-राष्ट्र प्रगति करता है। इस अवसर पर उन्होंने आश्रम में बुजुर्गों की प्रतिदिन तेजी से बढ़ती संख्या को देखते हुए वृद्धाश्रम भवन को व्यापक विकसित-विस्तारित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से संपर्क कर सरकार की सहायता से श्रीहरि वृद्धाश्रम को बेहतर, सर्वसुविधा संपन्न वृद्धाश्रम के रूप में विकसित कराने में ठोस प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश जैन ने भी 51000 रू. देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ समाज भी आश्रम के निर्माण में आगे आता है तो यह वृद्धाश्रम प्रदेश का श्रेष्ठ वृद्धाश्रम बन सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉक्टर सुनील नंदेश्वर ने बुजुर्गों के लिए मेडिकल कॉलेज से भी सदैव हरसंभव सुविधा-सहायता उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर पूर्व लायंस गवर्नर, वरिष्ठ समाजसेवी अतुल शाह विषिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, समाजसेवी प्रोफेसर केके पंजाबी, मुक्ति धाम सेवा समिति के कर्ताधर्ता तथा सचिव मनोज पांडे, श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ, सकल दिगंबर जैन समाज, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, राज्य आनंद संस्थान से संबद्ध सर्वोदय आनंद संस्थान, मांँ गायत्री सेवा समिति, लीजेंड क्लासिक म्यूजिकल ग्रुप, सर्व व्राह्मण मैत्री मंडल सहित अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी-सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था की परामर्शदात्री समिति के सदस्य चंद्रमोहन अग्रवाल ने वृद्धाश्रम के विकास-विस्तार की योजना पर विस्तृत प्रकाश डाला।
इस अवसर पर श्रीहरि वृद्धाश्रम संचालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा-वेद प्रकाश शर्मा ने कहा की पिछले दिनों ई-रिक्शा के लिए सहयोग देने वाले दानदाताओं की राशि, जो लगभग 80,000 रू. है इसका उपयोग भी सर्वसम्मति से वृद्धाश्रम निर्माण विकास-विस्तार में किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक शशांक भार्गव एवं अतिथियों ने वृद्धाश्रम में सहयोग करने वाले सभी दानवीरो, सेवादारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि विदिशा नगरी सेवा समर्पण और त्याग की तपोभूमि है। यहां समाज के सहयोग से होने वाले सेवा के कार्य देश में एक विशिष्ट पहचान रखते हैं। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के उपाध्यक्ष विष्णु नामदेव तथा संयुक्त सचिव श्रीमती शशि सिलाकारी ने आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!