कांग्रेस में देश को लूटने वाले जमाइयों की जमात: मोदी

गुजरात में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में देश को लूटने वाले जमाइयों की जमात है। साथ ही उन्होंने सोनिया गांधी के बयान पर कहा कि कांग्रेस सेवाभावी नहीं बल्कि मेवाभावी पार्टी है। उनके मुताबिक कांग्रेसी नेताओं को प्रदेश को बदनाम करने से फुर्सत नहीं है।

सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के 25 जिलों में 53 स्थलों पर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोमवार को नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर कौमी भावनाएं भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में फेसबुक पर कमेंट के चलते गिरफ्तार हुई शाहीन को भी गुजरात सुरक्षित लगा है। प्रधानमंत्री ने रविवार को कहा था कि गुजरात में अल्पसंख्यक असुरक्षित महसूस करते हैं। इस पर मोदी ने कहा कि काग्रेस अब भी जाति, धर्म व वोट बैंक की राजनीति से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पिछले 10 साल के शासन में एक भी दंगा नहीं हुआ जबकि महाराष्ट्र में एक साल में हिसा की छोटी-बड़ी 333 घटनाएं हुई। फेसबुक पर कमेंट करने के लिए शाहीन नामक लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया। उसी मुस्लिम लड़की ने जेल से बाहर आते ही कहा कि अब उसका परिवार महाराष्ट्र में नहीं रहेगा, उनके लिए गुजरात ज्यादा सुरक्षित है। मोदी ने चुनावी समर को युवाओं के कंधे पर लड़ने वाली लड़ाई बताते हुए कहा कि यह चुनाव भाजपा या मोदी नहीं हरेक गुजराती लड़ रहा है। काग्रेस के खिलाफ प्रजा में गुस्सा है, कामों का हिसाब देने के बजाए काग्रेस नेता गुजरात के खिलाफ आरोपों की झड़ी लगा रहे है। काग्रेस नेताओं को प्रदेश के इतिहास व भूगोल तक की जानकारी नहीं है, इसलिए हरेक नेता अपनी ढपली अपना राग अलाप रहा है।

गहलोत पर हमले के लिए गुजरात में विकास बना बहाना :-

अपनी पार्टी के प्रचार के लिए गुजरात पहुंची राजस्थान की कद्दावर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। यहां के विकास की तुलना करते हुए उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा। दरअसल पिछले दिनों कांग्रेस का प्रचार करने पहुंचे गहलोत ने नरेंद्र मोदी को विकास के खोखले दावे करने वाला मार्केटिंग गुरु बताया था। इस पर वसुंधरा राजे ने कहा कि गुजरात में 24 घटे बिजली लोगों को मिलती है जबकि राजस्थान में तीन घटे भी बिजली मिलना दिवाली मनाने जैसा है। वसुंधरा का कहना है कि गुजरात के विकास ने देश को एक दिशा दी है। प्रधानमंत्री के अल्पसंख्यकों के संबंध में दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि काग्रेस देश के संवैधानिक ढाचे पर हमला कर रही है।

अहमद पटेल ने संभाला मोर्चा :-

केंद्र सरकार, काग्रेस व सोनिया गाधी पर हमलावर मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वरिष्ठ नेता और कांग्रेस अध्यक्ष के सलाहकार अहमद पटेल ने मोर्चा संभाल लिया है। अहमद ने मोदी की प्रचार पाने की भूख पर हमला करते हुए कहा है कि मोदी को गाधी व सरदार बनने के लिए एक हजार जन्म लेने पड़ेंगे।

मोदी तुरुप का इक्का :-

मुख्यमंत्री मोदी के दाहिने हाथ व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम रुपाला ने सूरत की एक सभा में मोदी को तुरुप का इक्का बताते हुए कहा कि काग्रेस के पास कोई नेता ही नहीं है। मोदी इक्के समान हैं जबकि काग्रेस के पास नहले और दहले से बड़ा कोई पत्ता ही नहीं है। मुद्दों के अभाव में काग्रेस मनमाने आरोप लगा रही है।

मोदी ने सिर्फ चहेता पूंजीवाद वर्ग तैयार किया :-

केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने गुजरात में नए मध्यम वर्ग के आकार लेने के दावे को खारिज किया है। उनका कहना है कि मोदी सरकार ने सिर्फ पूंजीवादी वर्ग तैयार किया है, जो जनता का नहीं सिर्फ अपना फायदा बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि पिछले दिनों भाजपा ने अपना जो संकल्प पत्र घोषित किया था। उसमें अजीब तर्क दिया गया था कि 11 साल में राज्य सरकार ने गुजरात में नए मध्यम वर्ग को तैयार किया है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने सही में विकास किया है तो गुजरात के लाखों युवा बेरोजगार क्यों हैं। शिक्षा का स्तर नीचे और कुपोषण का स्तर ऊंचा क्यों है। तिवारी ने आरोप लगाया कि मोदी ने अपने चहेते पूंजीपतियों के फायदे के लिए जनता का नुकसान करवाया है।

error: Content is protected !!