ईईएसएल करेगा टाटा मोटर्स लिमिटेड और ह्युंडई मोटर इंडिया लिमिटेड से 250 इलैक्ट्रिक वाहनों की खरीद

नई दिल्‍ली, 03 सितंबर, 2020: विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत सुपर एनर्जी सर्विस कंपनी (एस्‍को) -एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज़ लिमिटेड (ईईएसएल) ने टाटा मोटर्स और ह्युंडई मोटर इंडिया से 250 इलैक्ट्रिक वाहनों की खरीद की घोषणा की है। इन दोनों कंपनियों का चयन, अधिकाधिक प्रतिभागिता को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्‍ट्रीय बोली प्रक्रिया के जरिए किया गया। टाटा मोटर्स और ह्युंडई मोटर इंडिया ने निविदा प्रक्रिया जीती जिसके परिणामस्‍वरूप, टाटा मोटर्स 150 नैक्‍सन XZऔर इलैक्ट्रिक कॉम्‍पैक्‍ट एसयूवी की सप्‍लाई करेगी जबकि ह्युंडई मोटर इंडिया लिमिटेड से 100 कोना इलैक्ट्रिक प्रीमियम एसयूवी खरीदी जाएंगी। इन वाहनों का इस्‍तेमाल सरकारी कार्यों के लिए किया जाएगा। खरीद संबंधी आदेश पत्र दोनों कंपनियों को आज श्री गुंतर बुत्‍शेक, सीईओ एवं एमडी, टाटा मोटर्स, श्री शैलेश चंद्रा, प्रेसीडेंट, पैसेंजर बिज़नेस यूनिट, टाटा मोटर्स तथा श्री तरुण गर्ग, डायरेक्‍टर – सेल्‍स, मार्केटिंग एंड सर्विस, ह्युंडई मोटर इंडिया लिमिटेड की उपस्थिति में सौंपे गए।
इस खरीद के लिए, हाल में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) से मिले अनुदान में से 5 मिलियन की राशि इस्‍तेमाल की जाएगी। ईईएसएल को यह अनुदान उच्‍च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों जैसे डिमांड साइड एनर्जी एफिशिएंसी सैक्‍टर प्रोजेक्‍ट्स को बढ़ावा देने और उनके वित्‍त पोषण के लिए प्रदान किया गया है।
श्री सौरभ कुमार, एग्‍ज़ीक्‍युटिव वाइस चेयरपर्सन, ईईएसएल ने कहा, ”इलैक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग में प्राथमिकता, जो कि हमारे मोबिलिटी प्रोग्राम का नतीजा है, से तेल आयात पर निर्भरता कम होती और साथ ही भारत में विद्युत क्षमता में विस्‍तार को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे काफी हद तक देश की ऊर्जा सुरक्षा की स्थिति में सुधार होगा और यह परिवहन क्षेत्र द्वारा ग्रीन हाउस गैसों के उत्‍सर्जन में भी कमी लाने में मददगार साबित होगा। इसके अलावा, हम ईवी चार्जिंग स्‍टेशनों की स्‍थापना पर भी काम रहे हैं जिसे आने वाले समय में इलैक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में मदद मिलेगी।”
श्री सियोन सीयोब किम, एमडी एंड सीईओ, ह्युंडई मोटर इंडिया,ने कहा, ”हम ‘मानवता के लिए प्रगति’के अपने सिद्धांत से निर्देशित होकर, इको-फ्रैंडली और मानव-केंद्रित टैक्‍नोलॉजी विकसित कर रहे हैं जो हमारे ग्राहकों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करेंगी। जिम्‍मेदार ब्रैंड होने के नाते, हम क्‍लीन एनर्जी प्रदान करने के सरकार के लक्ष्‍यों के अनुरूप, सभी हितधारकों के साथ मिलकर, इलैक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए एक टिकाऊ इकोसिस्‍टम तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। ह्युंडई भारतीय बाज़ार के लिए इको-फ्रैंडली प्रोडक्‍ट्स और टैक्‍नोलॉजी पेश कर स्‍वच्‍छ और हरे-भरे वातावरण के निर्माण में सहायता देगी।”
श्री शैलेष चंद्रा, प्रेसीडेंट, पैसेंजर व्‍हीकल बिज़नेस यूनिट, टाटा मोटर्स ने कहा, ”देश में इलैक्ट्रिक मोबिलिटी को लोकप्रियता मिलने लगी है और इस प्रकार की भागीदारियां इस दिशा में आवश्‍यक तेज़ी लाने के लिहाज़ से महत्‍वपूर्ण हैं। हम सरकारी प्रयोग के लिए इलैक्ट्रिक वाहनों को उपलब्‍ध कराने के मकसद से ईईएसएल के साथ भागीदारी करते हुए खुशी महसूस कर रहे हैं, जो कि भविष्‍य के लिए मोबिलिटी सॉल्‍यूशन प्रदान करेगी। तेजी से बढ़ रहे ईवी सैग्‍मेंट में दिग्‍गज होने के नाते, टाटा मोटर्स देशभर में इन वाहनों की पहुंच और इनके प्रयोग को बढ़वा देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
ईईएसएल देश में नए टैक्‍नोलॉजी समाधानों को अपनाने की दिशा में तेजी लाने के साथ-साथ आर्थिक विकास और पर्यावरण के मोर्चे पर सस्‍टेनेबिलिटी के बीच संतुलन कायम करने के लक्ष्‍य पर कार्यरत है। इसके तहत्, ईईएसएल ने इलैक्ट्रिक वाहनों के लिए बाज़ार तलाशने के लिए मांग तथा बड़ी संख्‍या में खरीद के लिए अनूठा एग्रीगेशन मॉडल बनाया है। ईईएसएल शुरुआती मांग को पैदा करने के लिए सरकारी विभागों में मौजूदा वाहनों की जगह इलैक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने की दिशा में कार्यरत है।

error: Content is protected !!