स्कोडा ऑटो इंडिया की बिक्री अगस्त में 282% बढ़ी

मुंबई, 1 सितंबर, 2021 – स्कोडा ऑटो इंडिया ने पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले अगस्त 2021 की बिक्री में 282% वृद्धि होने की घोषणा की है। कंपनी ने अगस्त 2021 में 3,829 कारें बेची हैं, जबकि अगस्त 2020 में बिकी कारों की संख्या 1,003 थी। कुशक़ ने तो भारत में इस ब्रांड के विकास को रफ्तार दी ही है, सुपर्ब, ऑक्टैविया और रैपिड मॉडल भी बिक्री का आंकड़ा बढ़ाने में पीछे नहीं रहे।
जुलाई 2021 में 3,080 कारें बिकी थीं, जिसकी तुलना में अगस्त 2021 की बिक्री 24% ज्यादा रही। व्यापक माहौल के चुनौतीपूर्ण रहने तथा मुख्य कल-पुर्जों की वैश्विक स्तर पर किल्लत होने के बावजूद स्कोडा ऑटो इंडिया ने कदम बढ़ाना जारी रखा है और कुशक़ के लॉन्च की बदौलत मिली रफ्तार के दम पर लगातार मजबूती हासिल कर रहा है।
कुशक़ को बाजार में उतारने के साथ सामने आई ‘इंडिया 2.0’ रणनीति के सहारे ब्रांड के नेटवर्क को अखिल भारतीय स्तर पर तेजी से फैलाने का काम किया जा रहा है। अब ब्रांड की मौजूदगी 100 से अधिक शहरों में हो गई है तथा अगस्त 2021 के दौरान भोपाल, पटना, गुड़गांव और फरीदाबाद सहित अन्य प्रमुख शहरों में नई डीलरशिप खोली गई हैं।
स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड डाइरेक्टर श्री ज़ैक हॉलिस का कहना है- “हमारी अगस्त महीने की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है और इससे भारत में स्कोडा ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता का पता चलता है। ब्रांड के मनचाहे वैश्विक विकास हेतु यह बाजार बेहद महत्वपूर्ण है और यहां अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए हमारे पास एक विस्तृत रणनीति बनी हुई है। अपनी उत्पाद केंद्रित रणनीति के दम पर हमने ग्राहकों के साथ मजबूत रिश्ता कायम करने तथा ब्रांड के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। आगे बढ़ते हुए हमने कई रोमांचक योजनाएं बनाई हैं और ग्राहकों को खुश रखने वाले अपने मुख्य उद्देश्य की दिशा में काम करना हम जारी रखेंगे।“
ग्राहक के मोर्चे की बात करें तो स्कोडा ऑटो इंडिया ने एक विशेष ‘इंडेपेंडेंस डे कैम्पेन’ 2021 (15 अगस्त 2021 से 15 सितंबर 2021 तक) चला रखा है, जिसके तहत चुनिंदा कल-पुर्जों पर 15% की छूट, चुनिंदा एक्सेसरीज पर 10% की छूट, आरएसए पर 20% की छूट प्रदान की जा रही है। साथ ही साथ 40 पॉइंट का एक निःशुल्क चेक-अप भी कराया जा रहा है, जो सभी मॉडलों के लिए लागू है।

error: Content is protected !!