नई दिल्ली, 2 अगस्त 2022: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के अनुकरणीय साहस और बहादुरी को सलाम करते हुए, मोटरसाइकिल और स्कूटर बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने पूर्व सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों के लिए कल्याणकारी उपायों के एक अनूठे पैकेज की घोषणा की है।
कंपनी की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) प्लेटफॉर्म ‘हीरो वी केयर’ के तहत शुरू की गई ‘हीरो सैल्यूट्स हीरोज़ ऑफ द नेशन’ प्रोजेक्ट द्वारा 90 रेट्रो फिटेड हीरो डेस्टिनी 125 स्कूटर सौंपे जाएंगे – इन स्कूटरों में पीछे दो पहिये लगे हैं जिन्हें सेवा के दौरान विकलांग हुए दिव्यांग पूर्व-सैन्यकर्मियों की गाड़ी चलाने की आवश्यक जरूरतों के अनुरूप बनाया गया है।
हीरो मोटोकॉर्प और सीआरपीएफ फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (सीडब्ल्यूए) के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अनुसार , यह परियोजना 200 चिन्हित सीआरपीएफ परिवारों के लिए एक अनूठे वेलफेयर पैकेज की पेशकश करेगी। ये वो परिवार हैं जो कोरोनावायरस महामारी के कारण गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।
हीरो मोटोकॉर्प ने प्रभावित परिवारों की महिलाओं को सहयोग करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए कंपनी इन महिलाओं की आजीविका बनाए रखने के लिए सहायक स्थितियों का निर्माण करेगी और उनके बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा और पोषण जैसी आवश्यक सेवाएं भी मुहैया कराएगी। कंपनी उन बच्चों का समर्थन करेगी, जिन्होंने अपने माता-पिता या अभिभावकों में से एक या फिर दोनों को खो दिया है और जिन महिलाओं ने देश में कोविड -19 के कारण अपने जीवनसाथी को खो दिया है।
हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड और सीआरपीएफ फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (सीडब्ल्यूए) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर सीआरपीएफ महानिरीक्षक, श्री अंशुमान यादव, आईपीएस, श्री पंकज कुमार, उप महानिरीक्षक (कल्याण) और सचिव सीडब्ल्यूए, श्री शंभू कुमार, कमांडेंट (कल्याण), श्री युवराज कुमार, डिप्टी कमांडेंट (कल्याण) और संयुक्त सचिव सीडब्ल्यूए और भारतेंदु काबी, प्रमुख – कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) और कॉर्पोरेट संचार, हीरो मोटोकॉर्प की उपस्थिति में हुए।
कंपनी के योगदान की सराहना करते हुए, श्री अंशुमान यादव, आईपीएस, इंस्पेक्टर जनरल सीआरपीएफ, ने कहा, “हम हीरो मोटोकॉर्प को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान अक्षम हुए सीआरपीएफ जवानों को सशक्त बनाने के लिए हमारे साथ भागीदारी की और उन्हें रेट्रो-फिट स्कूटर प्रदान किये। इन विशेष स्कूटर्स से ये आवाजाही की अपनी जरूरतों को पूरा करने के अलावा, उद्देश्य और स्वतंत्रता की भावना के साथ अपना जीवन जी सकेंगे। हीरो मोटोकॉर्प भी कोविड प्रभावित परिवारों के लिए अथाह समर्थन प्रदान कर रहा है और हमें लगता है कि इस तरह के मानवीय प्रयास समाज की बेहतरी में योगदान देने में एक लंबा रास्ता तय करते हैं। यह नेक पहल निश्चित रूप से हीरो और सीआरपीएफ के बीच एक लंबे और सार्थक जुड़ाव की शुरुआत है।”
श्री भारतेंदु काबी, हेड – कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) और कॉरपोरेट कम्युनिकेशन, हीरो मोटोकॉर्प ने कहा , “हम सीआरपीएफ फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (सीडब्ल्यूए) को हमें इस नेक काम के लिए उनके साथ साझेदारी करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देते हैं। एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट के रूप में, हीरो मोटोकॉर्प सभी के लिए समान अवसर और समावेशन के मूल्यों को दृढ़ता से आत्मसात करता है। अपने राष्ट्र के नायकों को सलाम करते हुए, और इस प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए, हमें इस पहल के माध्यम से इन नायकों को अपना समर्थन देकर खुशी हो रही है।”
हीरो मोटोकॉर्प पहले से ही डायरेक्टरेट ऑफ इंडियन आर्मी वेट्रन्स (डीआईएवी) के साथ साझेदारी कर रहा है, जो ड्यूटी के दौरान अक्षम हो गए पूर्व सैनिकों के लिए रेट्रो-फिटेड स्कूटर के रूप में गतिशीलता सहायता प्रदान करता है।
इस वर्ष के दौरान, कंपनी ने गुजरात, दिल्ली-एनसीआर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, असम और केरल में भारतीय सेना के इन पूर्व सैनिकों को लगभग 200 रेट्रो-स्कूटर सौंपे। ।
अपने ‘हीरो फॉर ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम के अंतर्गत, हीरो मोटोकॉर्प ने राजस्थान, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और ओडिशा जैसे कई राज्यों में 550 से अधिक परिवारों को महिलाओं के लिए आजीविका सहायता, बच्चों की शिक्षा और कौशल विकास की पेशकश भी की है।