एकतरफा प्यार में युवती को जिंदा जलाया

उत्तर प्रदेश के हाथरस में एकतरफा प्यार में एक सिरफिरे युवक ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती के घर में घुसकर उसे जिंदा जला दिया। युवती की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

हाथरस के गांव लोहर्रा निवासी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम उसकी पुत्री घर में अकेली थी, तभी गांव का ही एक युवक छत से कूदकर उसके घर में घुस गया और उसकी पुत्री के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी और भाग गया। युवती की चीख-पुकार सुनकर पिता ने उसे बचाने की कोशिश की। इस दौरान वह खुद भी झुलस गया। दोनों को सासनी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

युवती के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी का गांव का ही एक युवक पिछले एक साल से पीछा कर रहा था। युवक के डर की वजह से उसने अपनी पुत्री को पढ़ाने से भी बैठा लिया। सोमवार शाम को उसकी पुत्री अपनी छोटी बहन के साथ बाजार आई थी। बाजार से खरीददारी करके दोनों बहन घर पहुंच गई। तभी युवक छत से कूदकर घर में आ गया और उसने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही कोतवाली सासनी प्रभारी जिला अस्पताल पहुंच गए, वही सीओ सिटी राघवेन्द्र सिंह चौहान अस्पताल आ गए और उसके बयान दर्ज किए। जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री को अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया। वहीं, गांव वाले युवती के पिता की कहानी पर अंगुली उठा रहे हैं।

एसपी हैप्पी गुप्तन ने बताया कि युवती और उसके पिता को उपचार के लिए अलीगढ़ भिजवा दिया गया है। इंस्पेक्टर-सीओ को मौके पर भेजकर छानबीन कराई जा रही है। जो भी सत्यता होगी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!