कई महीनों तक नाबालिग का शोषण, दो बार सुसाइड की कोशिश

दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग इंक्लेव में दो युवकों द्वारा डीपीएस में पढ़ने वाली 17 साल की छात्रा के साथ रेप की घटना ने एक बार फिर लोगों की नींद उड़ा दी है। इस घटना से जुड़े कई होश उड़ा देने वाले तथ्य सामने आए हैं। पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया है कि रेप करने वाले लड़के पिछले कई महीनों से उसका यौन शोषण कर रहे थे। पीडि़त की तरफ से पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, लड़की ने बीते साल अक्टूबर और नवंबर में तंग आकर दो बार आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी। 31 दिसंबर को लड़की ने इन दोनों आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। लड़की के केस दर्ज कराने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पहले उसने नवीन कुमार से फेसबुक में दोस्ती की थी, उसके बाद नवीन ने अपने चचेरे भाई राजेश से भी लड़की की दोस्ती कराई। दोनों युवक गुड़गांव में आईटी प्रोफेशनल हैं। इसके बाद सोशल नेटवर्किग साइट पर चल पड़ा तीनों की दोस्ती का सिलसिला। लड़की ने बताया कि वह धीरे धीरे राजेश के करीब आने लगी। दोनों ने एक दूसरे को अपने फोन नंबर भी दिए और मिलना जुलना शुरू कर दिया। राजेश और पीडि़त दिल्ली की सड़कों पर बाइक में घुमने लगे। पिछले साल 24 जुलाई को नवीन लड़की को हुमायूंपुर में अपने दोस्त के घर ले गया। लड़की ने बताया कि वहां नवीन ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। उसके बाद नवीन ने दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद नवीन ने लड़की से संपर्क खत्म कर दिया। वह पहले ही राजेश से उसकी जान पहचान करा चुका था। अब राजेश लड़की से मिलने-जुलने लगा। अक्टूबर में राजेश लड़की को ग्रीन पार्क में अपने दोस्त के घर ले गया। वहां उसने भी उसके साथ रेप किया। इस घटना के बारे में नवीन को जानकारी मिल गई और उसने फोन पर लड़की को अपशब्द बोल दिए। इस घटना के बाद लड़की ने दोनों से संपर्क तोड़ दिया। लेकिन युवक लड़की को नेटवर्किग साइट पर अश्लील बातें कहते रहते थे। इसके बाद लड़की ने मानसिक तनाव में आकर दो दफा आत्महत्या करने की कोशिश की।

गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों ने दक्षिण जिला पुलिस की कई टीमें बना छापेमारी शुरू कर दी। देर रात जब दोनों आरोपी पकड़े गए तब पुलिस ने राहत की सांस ली। दोनों को मंगलवार को साकेत कोर्ट में पेश करने के बाद तिहाड़ जेल भेज दिया गया। नवीन सिंह व राजेश सिंह रिश्ते में चचेरे भाई हैं। दोनों एम ब्लाक, सरोजनीनगर में परिवार के साथ रहते हैं।

17 साल की पीड़ित छात्रा सफदरजंग इंक्लेव में परिवार के साथ रहती है और दिल्ली के नामी स्कूल डीपीएस में पढ़ाई करती है।

error: Content is protected !!