अस्पताल में सवा माह के बच्चे की हत्या

चंडीगढ़। पीजीआइ में शनिवार सुबह ऐसा वाकया हुआ जिसने सबका दिल दहला दिया। रौंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना में नेहरु अस्पताल (पुरानी पीजीआइ) की तीसरी मंजिल से करीब सवा माह के शिशु को किसी ने नीचे फेंक दिया। शिशु की मौके पर ही मौत हो गई। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर सवा माह के नवजात शिशु को किसने गिराया?

पीजीआइ प्रशासन ने मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। बच्चे की मां रजनीश करीब पांच बजे बाथरूम गई थी। वापस लौटी तो बच्चा बेड से गायब था। तलाश करने पर थोड़ी देर बाद रजनीश के भाई ने बच्चे को नेहरू अस्पताल के पीछे जमीन पर गिरा पाया। बच्चा खून से लहूलुहान था और उसकी मौत हो चुकी थी।

अस्पताल के सिक्योरटी गार्ड ने बताया कि उसने मां रजनीश को सुबह तीन-चार बजे कॉरिडोर में बच्चे को गोद में लेकर टहलते हुए देखा था। बच्चे के पिता नफे सिंह से पूछताछ में मालूम पड़ा है कि महिला के पहले दो बच्चों (लड़कों) की भी सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल में मौत हो गई थी। वे भी सवा महीने के थे।

error: Content is protected !!