दिल्ली गैंगरेप के छह आरोपियों में से एक नाबालिग आरोपी को एलएनजेपी (लोकनायक जयप्रकाश नारायण) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सर्जरी विभाग में उसके पेट का आपरेशन हुआ है। सूत्रों के मुताबिक बाल सुधार गृह (रिमांड होम) में अन्य बाल बंदियों ने उसकी जमकर पिटाई की है। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने उसकी पिटाई व शरीर पर किसी प्रकार के चोट होने से इंकार किया है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नाबालिग आरोपी के अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके पेट में दर्द होने के बाद उसे एलएनजेपी में भर्ती कराया गया था। जहां शनिवार को उसका आपरेशन किया गया। अस्पताल के प्रशासनिक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाबालिग आरोपी को अस्पताल में भर्ती लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उसके अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ है। इस सर्जरी में उसके पेट से अपेंडिक्स को निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उसे चोट लगने या पिटाई होने की जानकारी नहीं है।
अस्पताल अधिकारी ने बताया कि नाबालिग आरोपी को हॉस्पिटल में भर्ती किए जाने के बाद जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने उसके स्वास्थ की रिपोर्ट मांगी थी। जिसे अस्पताल प्रशासन ने बोर्ड को सौंप दिया है। फिलहाल नाबालिग आरोपी अस्पताल के वार्ड भवन के तीसरे मंजिल पर सर्जरी वार्ड में भर्ती है। उसके पास पुलिस कर्मी तैनात हैं। उसे स्लाइन चढ़ रहा था। इस नाबालिग आरोपी को पुलिस ने 21 दिसंबर को पकड़ा था। जिसके बाद उसे लाजपत नगर स्थित चिल्ड्रेन होम में रखा गया था।