ताज पर जमी बर्फ

देश की राजधानी में जहां बढ़ते पारे ने थोड़ी राहत दिलाई है वहीं उत्तर भारत के कई दूसरे इलाके भयंकर ठंड की चपेट में हैं। कानपुर, आगरा, लखनऊ में मंगलवार की रात पारा सारे रिकार्ड तोड़कर आगे बढ़ गया। बुधवार की सुबह जब ताज पर नजर डाली गई तो वहां पर जमी बर्फ ने सभी के होश फाख्ता कर दिए। आगरा में पारा लुढ़क कर -0.2 पहुंच गया वहीं कानपुर में पारा -1.1 और लखनऊ में भी -0.2 रिकॉर्ड किया गया। इस बार ठंड ने जहां अपने न्यूनतम तापमान का रिकार्ड तोड़ दिया है वहीं इस मौसम में अधिकतम तापमान के रिकार्ड भी धराशायी हो गए हैं। दिल्ली में बुधवार की सुबह शीतलहर से लोगों का हाल बेहाल रहा। आज सुबह दिल्ली का पारा 4.2 रिकार्ड किया गया। हालांकि मंगलवार को निकली धूप ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी। जम्मू-कश्मीर में रात के समय पारा -7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शीतलहर से कांप रहे देश के मैदानी इलाकों में मंगलवार को थोड़ी देरी से निकले सूरज देवता दिन भर लुकाछिपी का खेल खेलते रहे। जानलेवा ठंड से हलकान लोगों को धूप से थोड़ी राहत तो मिली पर गलन ने कंपकंपी बरकरार रखी। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से जनजीवन सिहर उठा। सर्दी ने लखनऊ में 48 साल जबकि कानपुर में अब तक के उपलब्ध सभी रिकॉर्ड तोड़ डाले। आगरा भी पीछे नहीं रहा। कानपुर और आगरा में तापमान क्रमश: -1.1 और -1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में पारा -0.2 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। ठंड से मरने वालों की संख्या सौ के ऊपर पहुंच गई। हरियाणा के रेवाड़ी में पारा शून्य से दो डिग्री नीचे रहा।

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को थोड़ी राहत रही, यहां का न्यूनतम तापमान बढ़कर 3.4 डिग्री सेल्सियस हुआ। राजस्थान में चुरू लगातार सर्द बना हुआ है, जहां तापमान -1.7 डिग्री सेल्सियस रहा। धुंध और कोहरे से अल्पदृश्यता बरकरार है, नतीजन सौ के करीब ट्रेन और विमान सेवाओं पर असर पड़ा। उत्तर प्रदेश और दिल्ली में लोगों ने दिन में धूप का आनंद लेना चाहा पर ठंडी हवाओं ने उन्हें पूरी तरह कामयाब नहीं होने दिया। उत्तर प्रदेश में बेरहम ठंड ने 129 लोगों की जान ले ली। सरगर्म राजनीति वाले झारखंड में पारा थोड़ा ऊपर आ गया है लेकिन बिहार में ठंड का प्रकोप बना हुआ है। वहां पर 2.9 डिग्री सेल्सियस के साथ गया सबसे ठंडा रहा। झारखंड में ठंड से 17 तो बिहार में 11 लोगों की जान चली गई। पश्चिम बंगाल में अपेक्षाकृत राहत है। जलपाईगुड़ी में पारा सबसे कम (5.5 डिग्री सेल्सियस) रिकॉर्ड किया गया। पंजाब में कोहरे के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त बना रहा। यहां सबसे ठंडा आनंदपुर साहिब (0.9 डिग्री सेल्सियस) रहा। मृतकों की संख्या तीन रही। मध्य प्रदेश के भी कुछ जिलों में पारा जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया। सतना में सबसे कम तापमान (0.4 डिग्री सेल्सियस) रिकॉर्ड किया गया।

उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप जारी है। नैनीताल के मुक्तेश्वर कस्बे में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। देहरादून में 68 साल बाद पारा अपने न्यनूतम स्तर (-0.5 डिग्री सेल्सियस) पर पहुंचा। ठंड से तीन की मौत हुई। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 12 जनवरी को बारिश व बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। सर्दी का सबसे ज्यादा असर जनजातीय क्षेत्र केलंग पर पड़ रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर शून्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। कश्मीर के लेह में तापमान शून्य से 17 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। यहां भी भीषण ठंड पड़ रही है।

error: Content is protected !!