पल्स पोलियो रैली सम्पन्न

छतरपुर/जिला स्तर पर 19 जनवरी को प्रातः 9 बजे जिला चिकित्सालय से पल्स पोलियो रैली निकाली गयी, जो कि छत्रसाल चौराहा, बस स्टैण्ड, चौक बाजार, महल रोड, होते हुए वापस जिला चिकित्सालय में आकर समाप्त हुई। इसी तरह विकासखण्ड स्तर में भी रैली का आयोजन हुआ। प्रथम चरण के पल्स पोलियो अभियान का 20 जनवरी को जिला चिकित्सालय एवं समस्त संस्थाओं के मुख्यालय पर उद्घाटन किया जायेगा। जिसमें पहले दिन बूथ पर दवा पिलाई जायेगी एवं दूसरे और तीसरे दिन सभी छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जायेगी।

औषधालय निर्माण हेतु तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी
छतरपुर/जिले के बारीगढ़ विकासखण्ड के अंतर्गत सरवई ग्राम पंचायत में आयुर्वेदिक औषधालय के निर्माण हेतु विगत 9 नवंबर 2012 को ईई, आरईएस, छतरपुर संभाग द्वारा 10 लाख रूपये की तकनीकी स्वीकृति का आदेश जारी किया गया था। इसी क्रम में अब गौरिहार जनपद पंचायत सीईओ द्वारा निर्माण कार्य के लिये 10 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। निर्माण कार्य हेतु ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, छतरपुर संभाग को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है।
निर्माण कार्य के दौरान समीप के मजदूरों को काम पर लगाने, स्वीकृत राशि से अधिक व्यय न करने, पर्यवेक्षण समिति के गठन पश्चात् कार्य प्रारंभ कराने, कार्यस्थल पर सूचना पटल चस्पा करने एवं शासकीय भूमि पर कार्य कराने के निर्देश दिये गये हैं।

शांति समिति की बैठक 23 को 

छतरपुर/आगामी 25 जनवरी को मनाये जाने वाले ईदमिलादुन्नबी त्योहार के अवसर पर शहर में शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी है। यह बैठक 23 जनवरी को सायं 5 बजे से पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित होगी। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री जे के श्रीवास्तव ने सभी संबंधितों से नियत तिथि एवं समय पर उपस्थित रहने की अपील की है।

– संतोष गैंगेले

 

 

 

 

 
 

 

 

 

error: Content is protected !!