अरे वाह! अब विदेशी बने बाबाओं के स्टार प्रचारक

कुंभ मेले का सेक्टर आठ। आधे दर्जन विदेशियों का समूह। इनमें तीन युवतियां व तीन युवक हैं। एक युवती ने अपने गले में एक बड़ी सी तख्ती टांग रखी है। तख्ती में महात्मा गांधी की फोटो के साथ उनके कुछ वचन लिखे हैं। साथ में उनके आश्रम का नाम लिखा है।

चारों ओर देशी श्रद्धालुओं की भीड़। ललक एक झलक की। विदेशियों को देखने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है। भीड़ बढ़ती देख दो युवतियां सामने एक बड़े बाबा के पंडाल में चली जाती हैं। उनके पीछे श्रद्धालु भी पंडाल में जाते हैं। यह दृश्य तो एक बानगी भर है। संसार के सबसे बड़े कुंभ मेले में विदेशी श्रद्धालु बाबाओं के स्टार प्रचारक बन गए हैं। कुंभ मेला क्षेत्र में पहुंच चुके लगभग ढाई हजार से ज्यादा विदेशी इस समय आम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। भक्ति में लीन इन विदेशी भक्तों को जहां संगम नगरी खूब भा रही है वहीं इनका रूप रंग मेले को अपनी ओर खींच रहा है।

कुंभ आने वालों में अमेरिका, जर्मनी, ब्राजील, नीदरलैंड, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, जापान, कोलंबिया व इटली के श्रद्धालु शामिल हैं। ये श्रद्धालु भारतीय संस्कृति में रचे बसे दिख रहे हैं। इन विदेशियों की चकाचौंध पूरे मेले में देखी जा सकती है। जिधर भी इनका काफिला गुजरता है, देखने वालों की भीड़ जमा हो जाती है। मेले में डेरा जमाए बाबाओं के पास बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु आए हैं। यह श्रद्धालु पूरे दिन कीर्तन में मग्न रहते हैं। बुधवार को कोलंबिया से आए विदेशियों की धमक मेले के सेक्टर आठ में देखी गई है। विदेशी धर्म आध्यात्म के साथ ही अपने गुरु का प्रचार भी कर रहे हैं।

error: Content is protected !!