नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल ने उन पर अन्ना को लेकर स्वामी अग्निवेश द्वारा लगाए गए आरोपों का तगड़ा जवाब देते हुए कहा है कि अन्ना पर एक नहीं बल्कि सौ जिंदगियां कुर्बान की जा सकती है। उन्होंने ट्वीट कर अग्निवेश से जवाब मांगा है कि किस आधार पर उन्होंने केजरीवाल पर ऐसे आरोप लगाए हैं। केजरीवाल ने अग्निवेश से पूछा है कि उनके पास इस बात को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत है या नहीं।
गौरतलब है कि स्वामी अग्निवेश ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा था कि जंतर-मंतर पर आमरण अनशन के दौरान अरविंद केजरीवाल चाहते थे कि अन्ना हजारे उस आंदोलन के दौरान अपने जीवन का बलिदान दे दें।
अग्निवेश ने एक न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि केजरीवाल का मानना था कि अनशन के दौरान यदि अन्ना की मौत हो जाए तो इससे आंदोलन को फायदा मिलेगा।
अप्रैल 2011 में जब जंतर-मंतर पर जन लोकपाल आंदोलन शुरू हुआ तो अग्निवेश अन्ना को आमरण अनशन पर बैठाने के खिलाफ थे। उन्होंने केजरीवाल से सवाल किया था कि वह अन्ना जैसे बुजुर्ग को आमरण अनशन पर क्यों बैठा रहे हैं?
इस पर केजरीवाल ने कहा कि उनकी मौत हो जाता है तो इससे क्रांति आएगी। वह मर जाएंगे तो कोई बात नहीं, यह आंदोलन के लिए अच्छा रहेगा।
इसी तरह के आरोप लगाते हुए भय्यू महाराज ने भी कहा था कि केजरीवाल अन्ना पर दबाव बना रहे हैं।
अग्निवेश के मुताबिक किरण बेदी को भी यह बात बुरी लगी थी। उन्होंने इस संबंध में टीम अन्ना के सदस्य शांति भूषण और प्रशांत भूषण से बात की। वह भी इस बात पर राजी थे कि अब अन्ना को अनशन तोड़ देना चाहिए।
उन्होंने अन्ना को जब इस बारे में समझाया तो वह नहीं माने। इस पर शांति भूषण अन्ना पर बरस पड़े। शांति भूषण की धमकी के बाद ही अन्ना ने अनशन समाप्त किया।