आगरा: छात्रा के कत्ल की दास्तान सुन अखिलेश की आंखें नम

akhilesh yadavआगरा। आंखों से झर-झर बहते आंसुओं से भरा चेहरा लिए मां न्याय मांग रही थी, तो पिता की खामोशी दिल को चीरने वाले दर्द की गवाही दे रही थी। दोनों ने होनहार बेटी की नृशंस हत्या की दास्तान सुनाई, तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की आंखें भी नम हो गई। इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी सीट से उठे और न्याय मांगती मां के आंसू अपने हाथों से पोंछे। उन्हें विश्वास दिलाया कि मामले में जल्द कार्रवाई होगी।

दयालबाग शिक्षण संस्थान (डीईआइ) में शुक्रवार को शोध छात्रा की नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से पूरे शहर में आक्रोश फैला हुआ है। रविवार को मुख्यमंत्री को 34वीं रबी सेमिनार में शामिल होने आगरा आना था। ऐसे में छात्रा के परिजनों ने डीएम जुहेर बिन सगीर से मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा जताई। डीएम ने मुख्यमंत्री तक संदेश पहुंचा कर मुलाकात का वक्त तय कराया। रविवार को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी पीड़ित परिवार को लेकर होटल जेपी पैलेस पहुंच गए। दोपहर करीब सवा दो बजे हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री भी वहां आ गए। कुछ देर बाद होटल के एक कमरे में छात्रा के परिजनों से उन्होंने मुलाकात की।

सूत्रों के मुताबिक छात्रा के परिजनों ने मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी दी, इस दौरान दुखी मां की आंखों से आंसुओं की धार लग गई। परिवार का दुख देख मुख्यमंत्री का हृदय भी द्रवित हो गया। उन्होंने परिजनों को पूरी और ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले में जांच की प्रगति की जानकारी ली और जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

error: Content is protected !!