सोनीपत। दहला देने वाले एक मामले में अपने यहां रह रही 12 वर्षीय लड़की के साथ उसके मौसा ने रेप किया। लड़की के वहां रहने से मना कर देने पर जब मेडिकल कराया गया तो रेप का पता चला।
मूलरूप से मधुबनी (बिहार) के पंडौल निवासी सूरज उर्फ बच्चन करीब दो-तीन साल पहले अपनी पत्नी अनीता के साथ शहर की शिव कालोनी में रहने आया था। उनके साथ एक बच्ची भी, जिसकी उम्र करीब 12 वर्ष है। लड़की सूरज व अनीता को अपना मौसा-मौसी बता रही है। हालांकि उसे अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लड़की ने तीन दिन पहले मौसा-मौसी के पास रहने से मना कर दिया। एक सामाजिक संगठन के सदस्य उसे लेकर राई स्थित बालग्राम पहुंचे। वहां उसे अस्थाई रूप से रहने की अनुमति दी गई।
बालग्राम प्रबंधकों ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण करने की बात कही। शनिवार को जब पुलिस बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने सामान्य अस्पताल पहुंची तो वहां रेप की पुष्टि हो गई। महिला थाना प्रभारी प्रोमिला के पूछने पर लड़की ने जो बताया वह दहला देने वाला था। पीड़िता के मुताबिक कुछ दिन पहले मौसा ने उससे रेप किया। रेप का मामला दर्ज कर पुलिस ने जब शिव कालोनी में दबिश दी तो उसके मौसा-मौसी फरार मिले।
डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। उन्हें जल्द काबू कर लिया जाएगा।