फेरों से पहले ही प्रेमी संग भागी दुल्हन, आरोपी पर केस दर्ज

love, lover, love marriage, uttar pradesh police, brideकानपुर। काकादेव थानाक्षेत्र में शादी समारोह में फेरों से पहले लड़की अपने भावी जीवन साथी को मंडप के नीचे अकेला छोड़कर पड़ोसी युवक संग भाग निकली। बारात को बिना दुल्हन बैरंग लौटना पड़ा। लड़की के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

गीता नगर के गजोधरपुरवा में मंगलवार रात नौबस्ता से बारात आई थी। द्वारचार, स्वागत-सत्कार और जयमाल के बाद देर रात मंडप के नीचे कार्यक्रम शुरू हुए। भावी वर-वधू के पैर पूजने की रस्म के बाद बारी सात फेरे लेने की आ गई। इससे पहले कि पंडित जी फेरे शुरू कराते लड़की ने मां से जी मिचलाने की बात कही और छत पर चली गई। वहां से वह घर के पीछे रहने वाले अपने प्रेमी रामू के साथ भाग निकली। इस बीच दुल्हन के गायब होने से हड़कंप मच गया।

परिजन भागकर पड़ोस में रहने वाले रामू के घर पहुंचे तो वह भी गायब मिला। लड़की के प्रेमी संग साथ भागने के कारण बारात को बिना दुल्हन लौटना पड़ा। इस सदमे से लड़की के पिता की तबियत बिगड़ गई, उन्हें हास्पिटल में भर्ती कराया गया।

परिजनों का कहना है कि लड़की डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर भी ले गई है। काकादेव एसओ गोपीचंद्र यादव ने बताया मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!